ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी
लखनऊ।सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी ने शनिवार की सुबह अपने घर में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह करीब सात बजे तेज कुमार सिंह ड्यूटी कर महानगर के बादशाह नगर आवास पर पहुंचा।इसके करीब आधे घंटे बाद उसने सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली।गोली लगने से तेज कुमार सिंह की मौके पर मौत हो गई।गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे।मृतक पुलिसकर्मी तेज कुमार सिंह उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले का रहने वाला था और लगभग चार साल से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में तैनात था।
सीएम योगी के सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी की आत्महत्या की खबर से पुलिस महकमे में हड़कम मच गया।घटना की सूचना मिलने पर आनन-फानन में अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अभी तक घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। इस बारे में पुलिस अधिकारी भी कोई जानकारी देने से बचते रहे। मामले की जांच पड़ताल जारी है।
|