हर दिन सपने में आते हैं भगवान कृष्ण,कहते हैैं आपकी सरकार बनने जा रही: अखिलेश यादव
हर दिन सपने में आते हैं भगवान कृष्ण, कहते हैं आपकी सरकार बनने जा रही: अखिलेश यादव


04 Jan 2022 |  127



धनंजय सिंह स्वराज सवेरा एडिटर इन चीफ यूपी

लखनऊ।उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दंगल का विगुल 5 जनवरी के बाद कभी भी बज सकता है। सभी राजनीतिक दल मतदाताओं को अपने पाले में लाने के लिए तरह-तरह की घोषणाएं मंचों से कर रहे है।इस बार विधानसभा चुनाव में भगवान राम के बाद भगवान श्रीकृष्ण की एंट्री हो गई है।भारतीय जनता पार्टी के बाद अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा किया है श्रीकृष्ण हर रोज उनके सपने में आते है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भगवान श्रीकृष्‍ण मेरे भी सपने में आते हैं, और कल भी आए थे, रोज आते हैं और कहते हैं कि समाजवादी सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अक्सर रामराज्य की बात करती है, लेकिन असल में समाजवाद का रास्ता ही रामराज्य का रास्ता है। जिस दिन पूर्ण रुप से समाजवाद लागू हो जाएगा उसी दिन से रामराज्य शुरू हो जाएगा।

सपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस व्यक्ति के ऊपर तमाम गंभीर धाराओं में मामले दर्ज थे,भाजपा ने उसे मुख्यमंत्री बना दिया। भाजपा के बहुत से नेता जो बुजुर्ग हैं, जो कई वर्षों से खून पसीना बहा कर पार्टी को मजबूत कर रहे थे, वह कई बार कहते हैं कि हम तो खून पसीना बहा रहे थे, यह न जाने कहां से आए, इन्हें हमारे ऊपर बैठा दिया गया।

सपा अध्यक्ष यही नहीं रूके मथुरा से चुनाव लड़ाने की भाजपा सांसद हरनाथ सिंह की मांग पर कहा कि जब बाबा मुख्यमंत्री चुनाव लड़ने जाएंगे, तब उस क्षेत्र के लोग पूछेंगे कि रोजगार क्यों नहीं मिला,किसान की आय दोगुनी कब होगी पूछेंगे, व्यापारी भी यही सवाल पूछेंगे।'सब लोग जानते होंगे कि जब बेटा परीक्षा में पास न हो पा रहा हो तो कई बार मां-बाप और चाचा भी जाते हैं थोड़ी नकल कराने के लिए। हमारे मुख्यमंत्री फेल हो चुके हैं। अब उन्हें कोई पास नहीं करा सकता और जो लोग उन्हें पास कराने आ रहे हैं वे भी पास नहीं करा पाएंगे।

More news