राजा भइया का अखिलेश यादव पर पलटवार,कहा-राजनीति में इतनी घृणा भी अच्छी नहीं होती
राजा भइया का अखिलेश यादव पर पलटवार,कहा-राजनीति में इतनी घृणा भी अच्छी नहीं होती




01 Mar 2022 |  233



ब्यूरो देवी शरण मिश्रा



प्रतापगढ़।उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के रण के बीच जनसत्ता दल के मुखिया कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया और समाजवादी पार्टी के मुखिया पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के बीच मचा सियासी घमासान थमता हुआ नजर नहीं आ रहा है।राजा भइया ने अखिलेश यादव के हाल ही में एक ट्वीट पर पलटवार किया है।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कुंडा में चुनाव के बाद एक वीडियो साझा कर चुनाव को रद्द करने के लिए मांग कर रहे हैं। इसके बाद राजा भइया ने ट्वीट कर अखिलेश यादव द्वारा पोस्ट किया गया वीडियो को फर्जी बताया है। राजा भइया ने कहा कि ये हरियाणा का वीडियो है और 2019 का है।

राजा भइया ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा है कि आदरणीय अखिलेश यादव जी, आप सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और वरिष्ठ राजनेता भी, उक्त वीडियो 2019 के चुनाव का हरियाणा का है, जिसे आप कुंडा का बताकर चुनाव निरस्त कराने की मांग कर रहे हैं। राजनीति में इतनी घृणा भी अच्छी नहीं होती।'

सपा मुखिया ने कुंडा विधानसभा में चुनाव रद्द करने की मांग की थी, लेकिन कल ही पोस्ट किए गए वीडियो वाले ट्वीट को कुछ ही घंटों में सपा मुखिया ने डिलीट कर दिया।राजा भइया ने आज स्क्रीनशॉट लगाकर अपने टि्वटर अकाउंट से अखिलेश यादव पर निशाना साधा।

आपको बता दें कि कुंडा में पांचवें चरण में मतदान हो चुका है।कुंडा राजा भइया का गढ़ माना जता है। कुंडा में दशकों से राजा बनाम अन्य की लड़ाई होती चली आ रही है। इस बार विधानसभा चुनाव में कुंडा की सियासी लड़ाई को ठाकुर बनाम यादव बनाने प्रयास किया गया। ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि वर्षों बाद सपा ने राजा भइया से राजनीति का पहाड़ा पढ़ने वाले गुलशन यादव को चुनाव लड़ाया है।

कुंडा विधानसभा में लगभग 3.51 लाख मतदाता हैं।यादव मतदाता लगभग 80,000 है। इसके बाद ब्राह्मण और पटेल हैं। 10,000 ठाकुर मतदाता हैं। राजा भइया ने 2017 के विधानसभा चुनाव में 1.35 लाख से अधिक मतो से जीत हासिल की थी।

More news