शादी समारोह में हर्ष फायरिंग में गोली लगने से सेना के जवान की हुई मौत,गायब हुई लाइसेंसी पिस्टल
शादी समारोह में हर्ष फायरिंग में गोली लगने से सेना के जवान की हुई मौत,गायब हुई लाइसेंसी पिस्टल

22 Jun 2022 |  97



शुभम कुमार यूपी क्राइम हेड


सोनभद्र।उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक शादी समारोह में हर्ष फायरिंग में सेना के जवान को गोली लगने से मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया।पुलिस मामले की जांच में जुटी है।इस खौफनाक घटना से पलभर में शादी की खुशियां मातम में बदल गई।बाबूलाल की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के महुआरी तेंदू निवासी बाबूलाल यादव उम्र 35 साल सेना के जवान थे। कुछ दिन पूर्व छुट्टी पर अपने घर आए थे।मंगलवार की शाम बाबूलाल शादी समारोह में शामिल होने के लिए राबर्ट्सगंज ब्रह्मनगर में गए थे। शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में बाबूलाल को गोली लग गई
और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद कुछ लोग बाबूलाल को लेकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल में बाबूलाल को मृत घोषित कर दिया गया।मौत की सूचना मिलते ही साथ में गए लोग शव छोड़ कर फरार हो गए। अस्पताल प्रशासन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई।घटना की सूचना मिलते ही बाबूलाल के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। बाबूलाल की लाइसेंसी पिस्टल भी गायब थी।पुलिस बुधवार सुबह अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे से शव अस्पताल लाने वालों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने शादी समारोह स्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। वहीं पुलिस को घटना की जांच के निर्देश दिए। सीओ सिटी राज कुमार त्रिपाठी, कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच में जुट गए।आर्मी जवान को गोली कैसे लगी उसकी लाइसेंसी पिस्टल कहां है अभी इसकी जानकारी नहीं हो सकी है।

इंस्पेक्टर का कहना है कि मृतक के परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए हैं। घटना की हर बिंदु पर जांच की जा रही है। जल्द ही गोली कैसे चली इसका खुलासा हो जाएगा।

More news