द्रौपदी मुर्मू के गांव में शुरू हुई जश्न की तैयारी,आज आएगा राष्ट्रपति चुनाव का नतीजा
द्रौपदी मुर्मू के गांव में शुरू हुई जश्न की तैयारी,आज आएगा राष्ट्रपति चुनाव का नतीजा

21 Jul 2022 |  171




नई दिल्ली।देश को आज नया राष्ट्रपति मिलने जा रहा है। 18 जुलाई को हुए राष्ट्रपति चुनाव का नतीजा आज घोषित होगा। सुबह 11 बजे वोटों की गिनती शुरू हो गई।चुनाव खत्म होने के बाद सभी राज्यों से बैलेट बॉक्स दिल्ली मंगाया गया था। एनडीए की तरफ से द्रौपदी मुर्मू तो विपक्ष की ओर से यशवंत सिन्हा रायसीना हिल्स की रेस में हैं।

द्रौपदी मुर्मू अगर राष्ट्रपति का चुनाव जीतती हैं तो वो पहली आदिवासी महिला होंगी जो राष्ट्रपति बनेंगी।बरहाल मुर्मू का पलड़ा भारी है और उनका राष्ट्रपति बनना लगभग तय है।कई राज्यों में द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में हुई क्रास वोटिंग की वजह से जीत पक्की मानी जा रही है।मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है। नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण 25 जुलाई को होगा।

द्रौपदी मुर्मू के भाई तारिणी सेन ने कहा कि गांव में खुशी का माहौल है,क्योंकि हमें उम्मीद है कि द्रौपदी मुर्मू भारत की अगली राष्ट्रपति बनेंगी। उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदाय ओडिशा और देश के लिए गर्व की बात है।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए संसद में कुल मतदान 99.18 प्रतिशत वोटिंग हुई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी पीसी मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में संसद में मतदान करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा अनुमति दिए गए 736 मतदाताओं (727 सांसदों, 9 विधायकों) में से 730 (721 सांसद, 9 विधायकों) ने मतदान किया।राष्ट्रपति चुनाव के वोटों की गिनती संसद भवन के कमरा नंबर 63 में हो रही है मतगणना के बाद नतीजों की घोषणा की जाएगी।

राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार के लिए जीत का आंकड़ा 5,43,216 है। द्रौपदी मुर्मू के पास 5,33,751 वोट होने का दावा किया जा रहा है। यशवंत सिन्हा के खाते में 3,60,362 वोट जाने की उम्मीद है।ऐसे में मुर्मू की जीत तय है।

द्रौपदी मुर्मू को सत्ताधारी एनडीए के अलावा बीजेडी, वाईएसआरसीपी, बसपा, एआईएडीएमके, टीडीपी, जनता दल (एस), शिरोमणि अकाली दल, शिवसेना के दोनों गुट और जेएमएम का समर्थन मिला है। वहीं, विपक्ष के उम्‍मीदवार यशवंत सिन्हा को कांग्रेस, टीएमसी, द्रमुक, एनसीपी, सपा और राजद के अलावा कई अन्य दलों ने अपना समर्थन दिया है।राष्ट्रपति चुनाव में निर्वाचित सांसदों और विधायकों ने मतदान किया था। इस बार चुनाव में कुल 4,807 मतदाता हैं। 776 सांसदों और 4,033 विधायकों ने वोट डाला था।

राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे शाम को आएंगे, लेकिन उससे पहले ही द्रौपदी मुर्मू के गांव में जश्न की तैयारी शुरू हो गई है। द्रौपदी मुर्मू के गांव ओडिशा के रायरंगपुर में लोग मिठाई बना रहे हैं।

More news