विधानसभा से फेसबुक लाइव करना सपा विधायक को पड़ा भारी,सतीश महाना ने अतुल प्रधान को दिया ये दंड
विधानसभा से फेसबुक लाइव करना सपा विधायक को पड़ा भारी,सतीश महाना ने अतुल प्रधान को दिया ये दंड

06 Dec 2022 |  125




लखनऊ।उत्तर प्रदेश विधानसभा शीतकालीन सत्र के पहले दिन योगी सरकार ने अपना वर्ष 2022- 23 का अनुपूरक बजट पेश किया।विधानसभा में 33 हजार 769.54 करोड़़ रुपए का अनुपूरक बजट पेश किया है।आज मंगलवार सत्र की विपक्ष के हंगामे के साथ शुरुआत हुई।इस बीच सरधना से समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान को विधानसभा से फेसबुक लाइव करना भारी पड़ गया। अतुल प्रधान को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सदन से बाहर कर दिया।

सपा सदस्यों ने सदन के बीचों-बीच आकर प्रदर्शन

सपा विधायक अतुल प्रधान को विधानसभा की कार्यवाही का फेसबुक पर सीधा प्रसारण करने को लेकर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की नाराजगी का सामना करना पड़ा है। विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सपा सदस्यों ने सोमवार को हुए रामपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान मतदाताओं को कथित रूप से मतदान से रोककर लोकतंत्र की हत्या किए जाने के खिलाफ सदन के बीचों बीच आकर प्रदर्शन किया था।

पहली बार सदन के सदस्य बने हैं अतुल प्रधान

सतीश महाना ने कहा कि मामले की जांच-पड़ताल में यह पता चला है कि सरधना सीट से सपा विधायक अतुल प्रधान ने सदन की कार्यवाही का फेसबुक पर सीधा प्रसारण किया है। महाना ने प्रधान को पूरे सत्र के लिए सदन छोड़ने का निर्देश दिया, जिसके बाद सपा विधायक सदन से चले गए। अन्य सपा विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष से यह कहते हुए अपने निर्णय पर पुनर्विचार की गुजारिश की कि प्रधान पहली बार सदन के सदस्य बने हैं और उन्हें सदन के नियमों की पर्याप्त जानकारी नहीं है।

एक बजे के बाद से सदन की कार्यवाही में शामिल होने की इजाजत

इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कानून की अनदेखी कोई बहाना नहीं है।उन्होंने रियायत देते हुए कहा कि प्रधान को सदन से बाहर किए जाने की कार्रवाई सिर्फ एक दिन के लिए लागू रहेगी।सपा सदस्यों द्वारा बहुत मान-मनौव्वल करने पर महाना ने प्रधान को मंगलवार दोपहर एक बजे के बाद से सदन की कार्यवाही में शामिल होने की इजाजत दे दी।

More news