इब्राहिमपुर कांड में बड़ी कार्रवाई,मदरसा प्रिंसिपल और मौलाना पर लगा NSA
इब्राहिमपुर कांड में बड़ी कार्रवाई,मदरसा प्रिंसिपल और मौलाना पर लगा NSA

20 Dec 2022 |  128



रिपोर्ट-युधिष्ठिर सिंह

सुल्तानपुर।उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में बीते अक्तूबर माह में बल्दीराय थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर में दो संप्रदायों में हुए विवाद में प्रशासन की कार्रवाई जारी है।इसी क्रम में जेल में निरुद्ध मुख्य आरोपी मदरसा प्रिंसिपल और मौलाना पर राष्ट्रीय सुरक्षा एक्ट (NSA) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी की ओर से ये कार्रवाई की गई है।

बता दें कि 10 अक्टूबर को बल्दीराय थाना क्षेत्र के इब्राहीमपुर में प्रतिमा विसर्जन जुलूस लेकर जा रहे लोगो ने धार्मिक स्थल के सामने फुल साउंड में डीजे बजाया। जिसको लेकर दोनों संप्रदाय के लोग आमने-सामने हो गए थे।भड़के दंगे के दौरान दोनों पक्ष के दर्जन भर से अधिक लोग लहूलुहान हुए थे। पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे। राजनीतिक माहौल भी गर्म हुआ था। पहले एक पक्ष ने और बाद में दूसरे पक्ष ने आगजनी और तोड़फोड़़ की।अब इब्राहिमपुर दंगे के मुख्य साजिशकर्ता मदरसा प्रिंसिपल शरफुद्दीन और मौलाना/शिक्षक कलीमुद्दीन पर राष्ट्रीय सुरक्षा एक्ट (NSA)लगाया गया है। NSA की कार्रवाई होने से दंगे में शामिल रहे फरार आरोपियों की धड़कनें तेज हो गई है।आरोपियों के खिलाफ प्रतिमा खंडित करना, जानलेवा हमला, आगजनी, धार्मिक भावनाएं आहत करने और तोड़फोड़ करने के मामले दर्ज हैं।

जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने बताया कि बल्दीराय थाना क्षेत्र में इब्राहिमपुर कांड के मामले में मदरसा प्राचार्य और शिक्षक के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा एक्ट (NSA) की कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। पुलिस विभाग की रिपोर्ट पर संस्तुति करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा एक्ट (NSA)के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।

More news