राहुल के समर्थन में अखिलेश,भाजपा पर साधा निशाना
राहुल के समर्थन में अखिलेश,भाजपा पर साधा निशाना

23 Mar 2023 |  84




ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी

लखनऊ।पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव लोकसभा चुनाव में भले ही कांग्रेस का नेतृत्व स्वीकार न कर रहे हों,लेकिन राहुल गांधी को हुई सजा के मामले में अखिलेश उनके साथ हैं। अखिलेश ने राहुल के बहाने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह विपक्ष की ताकत से डर गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 2024 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन करने से साफ तौर पर इनकार कर चुके हैं। अखिलेश ने स्पष्ट किया है कि यूपी में भाजपा को सपा ही मात दे सकती है। ऐसे में दूसरे दलों को सोचना है कि उन्हें क्या करना है।वह गैर कांग्रेसी नेताओं के साथ लगातार गलबहियां करते नजर आ रहे हैं।गुरुवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को सजा सुनाए जाने के बाद अखिलेश ने तल्ख टिप्पणी की।

अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए कहा कि देश की मानहानि, जनता की मानहानि, सौहार्द की मानहानि, संविधान की मानहानि, अर्थव्यवस्था की मानहानि सहित भाजपा पर न जाने कितने मानहानि के मुकदमे होने चाहिए। विपक्ष को नगण्य मुकदमों में फंसाकर अपना राजनीतिक भविष्य तलाशने वाली भाजपा विपक्ष की ताकत से डर गई है। अखिलेश ने अपने ट्वीट में राहुल गांधी भी को टैग किया है। अखिलेश के इस ट्वीट को भविष्य की सियासत में विपक्षी एकजुटता के संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है।

More news