प्रियंका ने राहुल को चुनाव जिताने का उठाया जिम्मा,वोटिंग होने तक डालेंगी रायबरेली में डेरा
प्रियंका ने राहुल को चुनाव जिताने का उठाया जिम्मा,वोटिंग होने तक डालेंगी रायबरेली में डेरा

05 May 2024 |  42




लखनऊ।कांग्रेस की परंपरागत सीट रायबरेली से चुनावी मैदान में उतरे राहुल गांधी के चुनाव जिताने का जिम्मा प्रियंका गांधी ने अपने कंधों पर उठा लिया है।प्रियंका अमेठी और रायबरेली में चुनाव की कमान संभालेंगी।सूत्रों के मुताबिक दोनों हाॅट सीट पर राहुल गांधी और कांग्रेस के करीबी किशोरी लाल शर्मा की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रियंका सोमवार से अमेठी और रायबरेली में डेरा डालेंगी।इस दौरान प्रियंका अमेठी और रायबरेली में 200 से ज्यादा गांवों का तूफानी दौरा करेंगी।

बता दें कि लंबी चुप्पी तोड़ते हुए कांग्रेस ने शुक्रवार को अमेठी और रायबरेली से प्रत्याशियों घोषणा की थी।कांग्रेस ने राहुल गांधी को रायबरेली से और पिछले दो दशकों से सोनिया गांधी और गांधी परिवार के करीबी सहयोगी किशोरी लाल शर्मा को अमेठी से चुनावी मैदान में उतारा।प्रियंका गांधी प्रचार अभियान की कमान संभालते हुए चुनाव खत्म होने तक रायबरेली और अमेठी में डेरा डाले रहेंगी। प्रियंका राहुल गांधी और केएल शर्मा को जिताने के लिए आक्रामक तरीके से प्रचार करेंगी।

राहुल गांधी के पूरे भारत में प्रचार करने से प्रियंका गांधी ने अमेठी और रायबरेली में चुनाव अभियान की जिम्मेदारी अपने ऊपर ले ली है। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस ने रायबरेली से बड़े अंतर से जीत सुनिश्चित करने और अमेठी को वापस लेने का संकल्प लिया है।अमेठी में भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को हराया था।

प्रियंका गांधी अमेठी और रायबरेली में प्रचार अभियान की अगुवाई करेंगी। प्रियंका अमेठी और रायबरेली में चुनाव होने तक वहीं रहेंगी।प्रियंका सैकड़ों नुक्कड़ सभाएं, बैठकें और घर-घर अभियान कार्यक्रम आयोजित करेंगी।

प्रियंका गांधी का केंद्र रायबरेली होगी जहां वह एक गेस्ट हाउस में रुकेंगी।बूथ प्रबंधन से लेकर आउटरीच तक, सब कुछ प्रियंका संभालेंगी। स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों और दशकों से गांधी परिवार के साथ पारिवारिक संबंध रखने वाले लोगों तक प्रियंका के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है। प्रियंका अमेठी और रायबरेली में डिजिटल और सोशल मीडिया अभियान की भी निगरानी करेंगी।

प्रियंका गांधी कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट जैसे शीर्ष नेताओं के अभियानों की योजना और शेड्यूल का भी ध्यान रखेंगी। प्रियंका लगभग 250-300 गांवों को कवर करेंगी और अमेठी और रायबरेली में समान समय देंगी।

बताते चलें कि फिरोज गांधी ने रायबरेली में जो मजबूत नींव रखी, उसे बाद में उनकी पत्नी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने और मजबूत किया। 1967, 1971 और 1980 में रायबरेली से इंदिरा गांधी चुनाव जीतीं। इंदिरा गांधी के बाद गांधी परिवार के करीबी लोगों और सदस्यों ने रायबरेली को और मजबूत किया।अमेठी में 25 साल बाद मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी को टक्कर देने के लिए कोई गैर-गांधी परिवार का सदस्य मैदान में है।ईरानी ने 2019 में अमेठी में राहुल गांधी को 55,000 से अधिक वोटों से हराया था, जबकि रायबरेली में सोनिया गांधी ने भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह को 1,67,000 से अधिक वोटों से हराया था।सात चरणों के आम चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को अमेठी और रायबरेली में मतदान होगा।

More news