गजब:भारत के आम का विश्व में जलवा,पहुंची 45 देशों तक मिठास,अमेरिका में टूटे निर्यात के पुराने रिकॉर्ड
गजब:भारत के आम का विश्व में जलवा,पहुंची 45 देशों तक मिठास,अमेरिका में टूटे निर्यात के पुराने रिकॉर्ड

18 Jun 2026 |   26



 

नई दिल्ली।भारत के आमों ने इस सीजन में वैश्विक बाजार में धूम मचा दी है।भारत के आम की मिठास विश्व के लोगों को पसंद आ रही है।देश के आम निर्यात में इस सीजन शानदार बढ़ोतरी देखने को मिली है।भारत का फलों का राजा आम इस बार दुनिया के 45 से अधिक देशों में अपनी मिठास बिखेर रहा है।खास बात यह है कि अमेरिका को होने वाला आम का निर्यात सीजन खत्म होने से पहले ही पिछले पूरे साल के स्तर को पार कर गया है।

भारतीय आम का 45 देशों में निर्यात

अमेरिकी बाजार में भारतीय आमों की मांग तेजी से बढ़ रही है।मौजूदा रुझानों के आधार पर इस सीजन अमेरिका को आम का निर्यात 30 प्रतिशत से अधिक बढ़ सकता है।अमेरिका विश्व का सबसे बड़ा आम आयातक देश माना जाता है।

अमेरिका समेत कई देशों में प्रचार अभियान

विदेशों में भारतीय आमों की मांग बढ़ाने के लिए एपीईडीए ने अमेरिका के प्रमुख शहरों जैसे सिएटल,लॉस एंजिल्स, वॉशिंगटन,न्यूयॉर्क और अटलांटा में विशेष प्रचार अभियान चलाए हैं। इसके अलावा इस वर्ष लगभग 20 देशों में भारतीय आमों को बढ़ावा देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें चेक गणराज्य,मलेशिया,स्पेन,यूएई और ओमान शामिल हैं। APEDA का मानना है कि इन प्रयासों के चलते अगले एक से दो वर्षों में भारत का आम निर्यात दोगुना तक हो सकता है।

53 अरब डॉलर पहुंचा कृषि निर्यात

एपीईडीए के मुताबिक पिछले वित्त वर्ष में भारत का कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों का निर्यात 53 अरब डॉलर तक पहुंच गया।वैश्विक प्रतिस्पर्धा के बावजूद भारत विश्व के शीर्ष 10 कृषि निर्यातक देशों में अपनी जगह बनाए हुए है। लगभग 10 साल पहले जहां भारत लगभग 280 कृषि उत्पादों का निर्यात करता था, वहीं अब यह संख्या बढ़कर लगभग 500 तक पहुंच गई है।

नए बाजारों में बढ़ी पहुंच

भारत को हाल के वर्षों में कई नए बाजारों तक पहुंच मिली है। रूस ने भारतीय आलू और अनार के आयात की अनुमति दी है। वहीं वियतनाम ने भारतीय अंगूरों के लिए अपने बाजार खोले हैं। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया ने भी भारतीय अनार के आयात को मंजूरी दी है।

आम उत्पादन में यूपी सबसे आगे

भारत दुनिया के सबसे बड़े आम उत्पादक देशों में शामिल है। देश में लगभग 1000 किस्मों के आम पहचाने गए हैं, हालांकि इनमें से सीमित किस्मों की ही व्यावसायिक खेती होती है।आम उत्पादन में प्रमुख राज्यों में उत्तर प्रदेश,आंध्र प्रदेश,बिहार, कर्नाटक,गुजरात,मध्य प्रदेश और तमिलनाडु शामिल हैं। वर्ष 2023-24 में उत्तर प्रदेश देश के कुल आम उत्पादन में 26.75 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ सबसे बड़ा उत्पादक राज्य रहा। भारतीय आमों के प्रमुख निर्यात देशों में यूएई,अमेरिका, ब्रिटेन,कुवैत और कतर प्रमुख हैं।

More news