नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम के उतार चढाव के बीच बुधवार को फिर से भीषण गर्मी की तीखी चुभन महसूस हो सकती है।आसमान दिन भर साफ हवा रहेगा। कहीं- कहीं लू चलेगी। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलने की भी संभावना है।अधिकतम तापमान 45 डिग्री जबकि न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
आज मंगलवार को तेज धूप में दिल्ली के लोगों का हाल बेहाल रहा।सुबह ही तेज धूप निकली और दिन चढ़ने के साथ तल्ख होती गई।अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक 26.8 डिग्री रहा। हवा में नमी का स्तर 57 से 14 फीसदी रिकॉर्ड किया गया। 44.8 डिग्री तापमान के साथ आयानगर दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा।
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत के मुताबिक अभी दो दिन और भीषण गर्मी का दौर बना रहेगा।कहीं कहीं लू भी चल सकती है।बृहस्पतिवार की रात से एक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम करवट ले सकता है।इसके बाद फिर शुक्रवार से दो तीन दिन तक हल्की वर्षा होने की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान लू और भीषण गर्मी दोनों से ही राहत मिलेगी। तापमान में भी खासी गिरावट देखने को मिल सकती है। यही नहीं जून माह की शुरुआत भी अपेक्षाकृत राहत भरी रह सकती है।
स्थान अधिकतम तापमान (°C) न्यूनतम तापमान (°C)
मुंगेशपुर 44.2 25.2
रिज। 44.6 26.7
आयानगर 44.8 27.1
पालम 44.0 27.5
लोधी रोड 43.8 25.6
सफदरजंग 43.5 26.8