नई दिल्ली।रेखा गुप्ता सरकार ने राजधानी दिल्ली के छिपे हुए युवा टैलेंट को तराशने और उन्हें राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के लिए एक महत्वाकांक्षी पहल की है। मुख्यमत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को हौसलों की उड़ान नाम से एक मेगा टैलेंट हंट शो की औपचारिक शुरुआत की।इस अनूठी प्रतियोगिता के जरिए दिल्ली की झुग्गी-बस्तियों से लेकर पॉश कॉलोनियों में रहने वाले 16 से 35 वर्ष के युवाओं को अपनी कला का प्रदर्शन करने का सुनहरा मौका मिलेगा।
विधानसभा स्तर से शुरू होगा सफर,बनाए गए 35 जोन
हौसलों की उड़ान प्रतियोगिता का ढांचा पूरी तरह से जमीनी स्तर से जुड़ा होगा।युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए कहीं दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।दिल्ली की सभी विधानसभाओं में सबसे पहले ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे, ताकि हर इलाके के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।सुचारू संचालन और बेहतर स्क्रीनिंग के लिए पूरी दिल्ली को 35 जोन में बांटा गया है।विधानसभा स्तर पर चुने गए प्रतिभागी इन जोन में मुकाबला करेंगे।रेखा सरकार की योजना है कि कोई भी प्रतिभाशाली युवा इस मंच से अछूता न रहे,इसके लिए कला और संस्कृति विभाग की विशेष टीमें भी जमीनी स्तर पर एक्टिव रहेंगी। सीएम रेखा ने कहा कि यह देश की पहली ऐसी सरकारी योजना है,जो टीवी चैनलों के रियलिटी शो की तर्ज पर सीधे जनता के बीच जाकर प्रतिभाओं को चुनेगी।
नेशनल लेवल पर चमकेगी दिल्ली की प्रतिभा
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि जोनल स्तर पर कड़े मुकाबले और चयन प्रक्रिया के बाद,राज्य स्तर पर एक ग्रैंड फिनाले का आयोजन किया जाएगा।राज्य स्तर से चयनित सर्वश्रेष्ठ कलाकारों को नेशनल लेवल (राष्ट्रीय स्तर) की प्रतियोगिता में भेजा जाएगा।राष्ट्रीय स्तर पर देश के दिग्गज कलाकारों और विशेषज्ञों के सामने दिल्ली के युवा अपनी कला का लोहा मनवाएंगे,जहां अंतिम विजेताओं का चयन किया जाएगा।
युवाओं को मिलेगा नकद इनाम और मेंटरशिप
बता दें कि इस टैलेंट हंट के विजेताओं को न सिर्फ भारी-भरकम नकद पुरस्कार और सम्मान मिलेगा,बल्कि उन्हें देश के नामचीन और स्थापित कलाकारों से ट्रेनिंग (मेंटरशिप) भी दिलाई जाएगी,इससे युवाओं को कला के क्षेत्र में अपना भविष्य और करियर संवारने में सीधी मदद मिलेगी। प्रतियोगिता की विस्तृत गाइडलाइंस और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जल्द ही रेखा सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर लाइव कर दी जाएगी।चयनित युवाओं को रेखा सरकार अपने कार्यक्रम और योजनाओं का ब्रांड एम्बेसडर भी बनाएगी।
7 कैटेगरी में दिखेगा युवाओं का जलवा
इस टैलेंट हंट को बेहद व्यापक रूप दिया गया है।दिल्ली के युवाओं का चयन मुख्य रूप से अलग-अलग बनाई गई 7 कैटेगरी में किया जाएगा,इनमें कई विधाएं शामिल हैं।
1. गायन - शास्त्रीय से लेकर आधुनिक संगीत तक
2. नृत्य - पारंपरिक, लोक नृत्य और वेस्टर्न डांस फॉर्म
3. थिएटर/नाटक - अभिनय और मंच कला
4. कविता/साहित्य - युवा कवियों और कहानीकारों के लिए
5. विजुअल आर्ट - पेंटिंग, स्कल्पचर और पारंपरिक शिल्प कला
6. डिजिटल आर्ट - आज के दौर की आधुनिक ग्राफिक और डिजिटल कला
7. शिल्प कला - रचनात्मक कलाकृतियां
पहला स्थान हासिल करने वालों को ढाई लाख
सात अलग-अलग कैटेगरी में आयोजित टैलेंट हंट में पहला स्थान हासिल करने वाले को 2.5 लाख, दूसरे स्थान पर आने वाले को 2 लाख, तीसरे स्थान पर आने वाले को 1.5 लाख और चौथे स्थान पर आने वाले को एक लाख रुपये का सरकार ईनाम देगी।रेखा सरकार का पर्यटन विभाग हौसलों की उड़ान नाम से वेबसाइट लांच करेगी,जिस पर युवा रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे।यह टैलेंट हंट प्रतियोगिता अगस्त तक चलेगा।