नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार हुई बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली थी,लेकिन बारिश के बाद मिली राहत अब धीरे-धीरे खत्म होती हुई दिखाई दे रही है।अब एक बार फिर तापमान बढ़ने लगा है।शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान बढ़ा और कई इलाकों में 35 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया।भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक सफदरजंग केंद्र में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।वहीं पालम में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से पांच डिग्री कम रहा।लोधी रोड में 34.2 डिग्री और रिज इलाके में 34.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
राजधानी दिल्ली के अयानगर इलाके में तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।हालांकि यह इस समय के सामान्य तापमान से करीब पांच डिग्री कम बताया गया है।सुबह के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पालम में यह 20.7 डिग्री सेल्सियस रहा।रिज इलाका सबसे ठंडा रहा,जहां न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।यह सामान्य से करीब 5.5 डिग्री कम था।
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई।सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटे में बारिश का आंकड़ा शून्य रहा।वहीं दिनभर भी किसी इलाके में बारिश नहीं हुई।दिल्ली की हवा फिलहाल लोगों को राहत देती नजर आ रही है।केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स 100 दर्ज किया गया,जो संतोषजनक श्रेणी में आता है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए फिर से मौसम बदलने की संभावना जताई है। 11 और 12 मई को दिल्ली में गरज के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।