दिल्ली को 365 दिन स्वच्छ हवा देने के लिए उतरीं सीएम रेखा,मेड इन इंडिया तकनीक का किया निरीक्षण
दिल्ली को 365 दिन स्वच्छ हवा देने के लिए उतरीं सीएम रेखा,मेड इन इंडिया तकनीक का किया निरीक्षण

23 May 2026 |   30



 

नई दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण से निपटने के लिए रेखा गुप्ता सरकार अब अत्याधुनिक मेड इन इंडिया तकनीकों पर विशेष जोर दे रही है।इसी कड़ी में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को दिल्ली में लगाए गए तीन आधुनिक एयर प्यूरीफिकेशन और प्रदूषण नियंत्रण सिस्टम का ग्राउंड निरीक्षण किया। सीएम रेखा के साथ पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे।

सीएम रेखा गुप्ता ने रामा रोड,कीर्ति नगर और मायापुरी मार्ग पर लगाए गए हाईटेक प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों की कार्यप्रणाली और प्रभाव का जायजा लिया। सीएम रेखा ने कहा कि प्रदूषण के खिलाफ दिल्ली सरकार की लड़ाई केवल सर्दियों तक सीमित नहीं है,बल्कि पूरे वर्ष 365 दिन स्वच्छ हवा सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाया जाएगा।

सीएम रेखा ने सबसे पहले रामा रोड पर लगाए गए एसटीआर-101 फिल्टर-रहित एयर प्यूरीफायर सिस्टम का निरीक्षण किया।सड़क के बीचों-बीच बिजली के खंभों पर इसकी 21 इकाइयां लगाई गई हैं।यह प्रणाली प्रति घंटे लगभग तीन लाख लीटर हवा को शुद्ध करने की क्षमता रखती है। यह पीएम 2.5, पीएम 10, धूल, धुएं और अन्य प्रदूषण फैलाने वाले सूक्ष्म पदार्थ को कम करने में मदद करती है।

इसके बाद सीएम रेखा गुप्ता ने कीर्ति नगर से मायापुरी मार्ग पर संचालित भारत की पहली ईवी-माउंटेड एंटी-स्माग गन का निरीक्षण किया। यह तकनीक सूक्ष्म जल कणों के छिड़काव के जरिए हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण युक्त कणों को नीचे बैठाने का काम करती है। इसमें रियल-टाइम पीएम सेंसर और आईओटी आधारित नियंत्रण प्रणाली भी लगी है।

सीएम रेखा गुप्ता ने पवन III रोडसाइड एयर पाल्यूशन कंट्रोल डिवाइस का भी निरीक्षण किया,ये वाहनों से निकलने वाले धुएं को स्रोत के पास ही नियंत्रित करने के उद्देश्य से विकसित की गई है।कोल्हापुर में हुए परीक्षण के दौरान इससे पार्टिकुलेट प्रदूषण में लगभग 29 फीसदी तक कमी दर्ज की गई थी।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार वैज्ञानिक शोध, इनोवेशन और नई तकनीकों के जरिए प्रदूषण नियंत्रण के स्थायी समाधान विकसित करने पर काम कर रही है।

More news