नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा हैं।पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं ने दिल्ली को आग की भट्ठी बना दिया है।बीते बुधवार की रात 15 साल का रिकॉर्ड टूट गया। न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो इस मौसम के औसत से 5.2 डिग्री ज्यादा है।गुरुवार को आसमान से बरसती आग और भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल रहा।दिनभर लू के थपेड़े लगे।अधिकतर इलाकों में दिन का तापमान 44 या 45 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। ऐसे में लगातार छठे दिन पारा 40 के ऊपर रहा।साथ ही अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री दर्ज हुआ।
नहीं मिलेगी अभी राहत
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक सफदरजंग और लोदी रोड उन स्टेशनों में शामिल थे,जहां रात में सबसे अधिक गर्म मौसम दर्ज किया गया।मौसम विभाग के एक वैज्ञानिक ने बताया कि गर्म रात तब घोषित की जाती है,जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहता है और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस और 6.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है।हालांकि मौसम विभाग ने भविष्यवाणी है कि आने वाले दिनों में भी इस भीषण गर्मी से राहत की संभावना नहीं है।
एक सप्ताह तक लू का ऑरेंज अलर्ट,46 के पार जाएगा पारा
मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में 22 से 27 मई तक भीषण गर्मी और लू को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। ऐसे में आसमान अधिकतर साफ रहेगा, जिससे धूप की तीव्रता और बढ़ेगी। कई इलाकों में लू चलने की स्थिति बन सकती है और रातें भी सामान्य से ज्यादा गर्म रहेंगी। इस दौरान तेज और झोंकेदार हवाएं भी चलने का अनुमान है,इनकी रफ्तार सामान्य रूप से 15 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी,जबकि दिन के समय यह 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने,पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाने की सलाह दी है।
लगातार बढ़ रहा तापमान
11 मई---37.5
12 मई---39
13 मई---39.2
14 मई---40.6
15 मई---39.8
16 मई---40.8
17 मई---41.9
18 मई---43.4
19 मई---45.1
20 मई---44.5
21 मई---41.7