हर दिन 50 हजार लोगों को रामलला का दर्शन कराएगी भाजपा,तैयार किया व्यापक कार्यक्रम
हर दिन 50 हजार लोगों को रामलला का दर्शन कराएगी भाजपा,तैयार किया व्यापक कार्यक्रम

03 Jan 2024 |  67




नई दिल्ली।रामनगरी अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला की भव्य राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा होगी।प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी युद्धस्तर पर चल रही है।भारतीय जनता पार्टी ने रामलला के दर्शन के लिए व्यापक कार्यक्रम तैयार किया है।हर दिन पचास हजार लोगों के दर्शन का कार्यक्रम बनाया गया है।सूत्रों के मुताबिक मंगलवार को पार्टी मुख्यालय पर हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है।

भाजपा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि 22 जनवरी को दिवाली जैसा माहौल बनाएं।साथ ही 22 जनवरी को पूरे देश में सभी लोगों को राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए भी कहा गया है।भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि सबको अच्छे से दर्शन करवाना है और किसी को भी असुविधा नहीं होनी चाहिए।सभी बिना किसी भेदभाव के दर्शन करें।

हर रोज 50 हजार लोगों को कराया जाएगा दर्शन

22 जनवरी को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद आमलोगों को रामलला के दर्शन में सहयोग करने के लिए कहा गया है।भाजपा सभी बूथ लेवल कार्यकर्ताओं और आम लोगों को रामलला का दर्शन कराएगी।भाजपा 25 जनवरी से 25 मार्च तक यह मुहिम चलाएगी।एक दिन में लगभग 50 हजार लोगों को रामलला का दर्शन कराया जाएगा।

430 शहरों से रोज चलेंगी 35 ट्रेनें

भाजपा नेताओं की ओर से रामनगरी अयोध्या में 50 हजार लोगों के रुकने की व्यवस्था की जा रही है। हर रोज 35 ट्रेनें चलाई जाएंगी।यह ट्रेनें 430 शहरों से चलेंगी।पार्टी हर बूथ से आम लोगों को रामलला का दर्शन करने के लिए भेजेगी।सभी लोग अपने पैसे से ही दर्शन करने जाएंगे।भाजपा नेता सिर्फ सहयोग और व्यवस्था का ध्यान रखेंगे। भाजपा ने राज्य, लोकसभा और विधानसभा स्तर पर संयोजक नियुक्त किए हैं। रामलला के दर्शन के लिए जाने वाले लोग भाजपा का झंडा लेकर नहीं जाएंगे।

More news