सुबह का भूला शाम को घर लौटा:कांग्रेस में सोशल मीडिया के प्रदेश कोआर्डिनेटर ने सुबह थामा भाजपा का दामन,शाम को कांग्रेस में लौटे
सुबह का भूला शाम को घर लौटा:कांग्रेस में सोशल मीडिया के प्रदेश कोआर्डिनेटर ने सुबह थामा भाजपा का दामन,शाम को कांग्रेस में लौटे

18 Apr 2024 |  35




अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी में सियासत का खेल शुरू हो गया है।गुरुवार को अमेठी में एक अलग नजारा नजर आया। सुबह भारतीय जनता पार्टी ने दावा किया कि अमेठी सांसद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की मौजूदगी में कांग्रेस सोशल मीडिया के प्रदेश सह समन्वयक विकास अग्रहरि ने गुरुवार को भाजपा का दामन थाम लिया है।यह खबर जंगल में लगी आग की तरह सियासी गलियारे में फैल गई। बरहाल शाम को कांग्रेस भवन में प्रेस वार्ता आयोजित कर विकास अग्रहरि ने कहा कि वह अमेठी सांसद से सिर्फ शिष्टाचारवश मिलने गए थे।भाजपा में शामिल होने की बात को विकास अग्रहरि ने खारिज करते हुए कहा कि वह पूरी तरह से कांग्रेस के साथ है।

भाजपा प्रवक्ता चंद्र मौलि सिंह ने दावा किया था कि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास व अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री स्मृति जूबिन ईरानी की मौजूदगी में कांग्रेस के प्रदेश सह समन्वयक विकास अग्रहरि ने बृहस्पतिवार को भाजपा का दामन थाम लिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष राम प्रसाद मिश्र ने विकास अग्रहरि को पार्टी में शामिल करते हुए उन्हें पटका भी पहनाया। इसकी फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई।

इसके बाद शाम को ही पूर्व एमएलसी दीपक सिंह ने कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता का आयोजन किया। जहां जगदीशपुर के रानीगंज निवासी विकास अग्रहरि ने बताया कि वह गुरुवार की सुबह शिष्टाचार वश सांसद स्मृति ईरानी से मिलने उनके आवास पर गए थे।जहां भाजपा जिलाध्यक्ष राम प्रसाद मिश्र ने राम मंदिर प्रसाद स्वरूप भगवा गमछा उनके गले में डाल दिया। सांसद आवास से बाहर आने पर मीडिया के माध्यम से पता चला कि उन्हें भाजपा ज्वाइन करा दिया गया है। जबकि ऐसा कुछ भी नहीं है। वह पूरी तरह से कांग्रेस के साथ है। वे आत्मा से कल भी कांग्रेस में थे आज भी हैं, आगे भी कांग्रेस में ही रहेंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष राम प्रसाद मिश्र ने कहा कि विकास गुरुवार की सुबह भाजपा ज्वाइन करने के लिए ही आए थे, जिसके चलते उन्हें पार्टी में ज्वाइन कराया गया। शाम तक वह किसी के बहकावे में आकर वापस हो गए हैं।राम प्रसाद ने कहा कि अब आगे से जिसे पार्टी में ज्वाइन कराया जाएगा, उसका लिखित और रिकॉर्ड बयान भी रखा जाएगा।

More news