पीएम मोदी ने परिवारवाद पर किया प्रहार,कहा-अलीगढ़ की जनता ने ऐसा ताला लगाया कि दोनों शहजादों को चाबी नहीं मिल रही
पीएम मोदी ने परिवारवाद पर किया प्रहार,कहा-अलीगढ़ की जनता ने ऐसा ताला लगाया कि दोनों शहजादों को चाबी नहीं मिल रही

22 Apr 2024 |  32





अलीगढ़।अलीगढ़ लोकसभा से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सतीश गौतम और हाथरस से अनूप वाल्मीकि के समर्थन में प्रधान नरेंद्र मोदी नुमाइश ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।पीएम ने कहा कि इस क्षेत्र को गंगा और यमुना दोनों का आशीर्वाद प्राप्त है। यहां खेती और किसानों को ताकत कैसे मिले,गन्ना किसानों की ताकत कैसे बढ़े, इसके लिए भाजपा लगातार काम कर रही है।

पीएम मोदी ने मंच से राधे-राधे से संबोधन की शुरुआत की।बोलने के लिए जनता से इजाजत मांगी।पीएम कांग्रेस, सपा पर जमकर बरसे। कहा 500 साल बाद राम मंदिर को देख रहे हैं। मंदिर की बात आती है तो उनकी नींद उड़ जाती है। वह कहते हैं हम सबको रोके बैठे थे मगर, यह मोदी आ गया तो सब हो रहा है। यह इतने गुस्से में हैं कि प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण को ही ठुकरा दिया। मेरे पास जब निमंत्रण आया था तो मैंने उसे सिर से लगाया।

पीएम मोदी ने कहा कि पहले जब अलीगढ़ आया था तो अनुराेध किया था सपा, कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर ताला लगा दीजिए। आपने ऐसा मजबूत ताला लगाया कि दोनों शहजादों को इसकी चाबी नहीं मिल रही है। पीएम ने कहा कि अब देश को गरीबी और भ्रष्टाचार से मुक्त करने का समय आ गया है। परिवारवाद मुक्त करना है। अलीगढ़ से सतीश गौतम और हाथरस से अनूप प्रधान को जितना है। पीएम ने कहा कि यहां आप कमल का निशान दबाएंगे तो वोट सीधे मोदी को मिलेगा। शादी-विवाह है, गर्मी है, सब कुछ है। मगर देश से बड़ा कुछ नहीं होता। हमको सारे काम छोड़कर करके वोट करना चाहिए।

पीएम मोदी ने कहा कि पहले आए दिन सीमा पर गोलियां चलती थीं। आए दिन वीर सपूत बलिदान होते थे। अब सब बंद हो गया है। अब उनके गोले बारूद भीग गए। पहले आए दिन बम फोड़ते थे। अब सीरियल बम धमाकों पर स्टाप लग गया है। जो पहली बार वोट डाल रहे हैं, उन्हें याद नहीं होगा। तब वह आठ साल के होंगे। पीएम ने कहा कि पहले टीवी पर विज्ञापन आता था कि कहीं कुछ लावारिस चीज मिले तो उसके पास मत जाना, कोई बैग मत उठाना। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर यही हाल था। लावारिस चीजों में बम होते थे। अब मोदी, योगी के कमाल से सब बंद हो गया। अब शांति हो गई है। अब विकास हो रहा है।पहले फौजियों पर पत्थर चलते थे। अब फुलस्टाप लग गया।

पीएम मोदी ने कहा कि पहले अलीगढ़ में आए दिन कर्फ्यू लगता था।पहले फोन कर पूछते थे कि शांति है ना। यह योगीजी ने करके दिया है आपको। दंगे, हत्या, गैंगवार, फिरौती यह सपा सरकार का ट्रेड मार्क था। उनकी राजनीति इसी से चलती थी। पहले हमारी बहन, बेटियां घर से नहीं निकल पाती थीं। अब योगी की सरकार में किसी की हिम्मत नहीं है। पीएम ने कहा कि सपा, कांग्रेस ने हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति की। मुस्लिमों के लिए कुछ नहीं किया।पसमांदा मुस्लिम के लिए कुछ नहीं किया।

पीएम मोदी ने कहा कि तीन तलाक से बेटियों का जीवन बर्बाद हो गया था। बेटी ही नहीं पूरा परिवार परेशान रहता था। मोदी ने तीन तलाक कानून बनाकर इनका परिवार सुरक्षित किया है। हज जाने के कोटे में मारा मारी थी। हमने हज कोटा बढ़ाने की मांग की। अब कोटा बढ़ा है। सरकार ने एक अहम फैसला लिया। पहले मुस्लिम माता बहन अकेले हज नहीं जा पाती थीं। अब हमने अनुमति दी।

पीएम मोदी ने कहा कि मुझे हजारों बहनों ने आशीर्वाद दिया। सपा, कांग्रेस ने कभी परवाह नहीं की। राशन पूरा नहीं मिलता था। अब लाखों लोगों को मुफ्त और पूरा राशन मिल रहा है। अलीगढ़, हाथरस के लाखों परिवारों को आयुष्मान में मुफ्त इलाज मिला है। मोदी की गारंटी है कि देश में बुजुर्ग को भी मुफ्त इलाज मिलेगा। लोगों पर डबल जिम्मा होता है। परिवार का भविष्य देखना होता है। मगर मोदी को आपकी चिंता है।

पीएम मोदी ने कहा कि हमने गारंटी दी है कि 70 साल से अधिक उम्र का इलाज मुफ्त होगा। घर मिल रहा है, यह सब किसने किया। यह मोदी ने नहीं किया, यह आपके एक वोट ने किया है। इस पुण्य के आप भी हकदार हैं। 10 साल में जो किया वह ट्रेलर है। हमको तो बहुत काम करना है। सपा, बसपा को समझ नहीं आता है। वह मोदी के साथ कदम नहीं मिला पा रहे।

पीएम मोदी ने कहा कि अलीगढ़ में एयरपोर्ट बन गया,जेवर में एयरपोर्ट बन रहा है,स्टेशन बन रहा है,हाईवे बन गए,एएमयू तो थी अब राजा महेंद्र प्रताप विश्व विद्यालय बन रहा है। इतने काम होने पर हर किसी का आराम करने का मन करता है। मगर यह मोदी है।यह रुकना नहीं जानता,आपका सपना मेरा संकल्प है,मेरा पल पल देश के नाम,2047 का लक्ष्य है। पीएम ने कहा कि यह गठबंधन वाले निराश हैं।यह कहते हैं कि मोदी विकसित भारत की बात क्यों करता था,तीसरी आर्थिक ताकत की बात क्यों करता है। यह लोग अपने परिवार का भला करते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कांग्रेस और गठबंधन से लोगों को आगाह कर रहा हूं कि इनकी नजर आपकी कमाई पर है, आपकी संपत्ति पर है। शहजादे कहते हैं कि उनकी सरकार आई तो वह जांच कराएंगे कि किस पर कितना धन है, किस पर कितना पैसा है। वह कहते है संपत्ति पर कब्जा लेकर बांट देंगे।माता, बहनों पर सोना होता है वह पवित्र होता है, शोभा बढा़ता है। मगर उनकी नजर इन पर भी हैं। यह सोना चुराने का इरादा कर रहे हैं। वह सर्वे करना चाहते हैं कि नौकरी करने वालों ने जो संपत्ति एकत्रित की है, उसकी भी जांच होगी,किस पर कितने जमीन होगी, वाहन कितने हैं इसकी जांच करेंगे, फिर सरकार के नाम पर कब्जा करेंगे। पीएम ने कहा कि आपकी संपत्ति छीनकर बांटने का काम करेंगे,अगर किसी का मकान गांव में और शहर में है तो कांग्रेस एक घर छीन लेगी। क्या आपको दो घर की जरूरत नहीं है। कांग्रेस आपकी मेहनत की कमाई पर अपना पंजा मारना चाहती है। अब बहनों का मंगलसूत्र सलामत नहीं रहेगा। यह कांग्रेस कहती है। इन्होंने देश को कुछ नहीं दिया। इनकी नजर देश की संपत्ति पर है।

पीएम मोदी ने कहा कि जनता को लूटना कांग्रेस अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझती है। कांग्रेस कभी डिफेन्स कारिडोर नहीं बनवा पाती। अब देश सेना का बड़ा हब बनने जा रहा है। जो लोग योगी जी की पहचान बुलडोजर से करते हैं। योगी जी ने इतना विकास किया है, जितना पहले कभी नहीं हुआ। मैं आंखे खोलना चाहता हूं। आने वाले दिनों में मिसाइल भी अलीगढ़ में बनेगी। डिफेन्स कारिडोर के साथ ही माल गाड़ियों के अलग रूट बनाया गया है। इससे दूसरे उद्योग को फायदा होगा। आसपास के छोटे उद्योग विकसित भारत की ऊर्जा हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि ताला और हींग सबको ऊंचाई दे रहे हैं, हर उद्योग की ताकत बढ़ा रही है,मुद्रा योजना से बहुत मदद मिली है,20 लाख तक लोन देंगे अब,विश्वकर्मा साथ भी कामों से जुड़े हैं, कोई जूते बनाता है, कोई कपड़ा सिलता है।अब मोदी की गारंटी में सीधा लाभार्थी गरीब है। इसका लाभ हर वर्ग को होता है,पक्के घर बनाने में सामान लगता है तो सबको फायदा होता है,सबको काम मिलता है,गरीब का घर बनता है और काम सबको मिलता है। मोदी ने तीन करोड़ घर बानने की गारंटी दी है। झोपडी़ में ताला नहीं लगता मगर घर बनेगा तो अलीगढ़ का ताला लगेगा। सबको फायदा होगा।

पीएम मोदी ने कहा किसान सम्मान निधि का लाभ दे रहे हैं। मेनिफेस्टो में आलू, टमाटर के लिए विशेष कोल्ड स्टोर बनेंगे, यह बृज की देहरी है यहां खेरेश्वर धाम है,यहां की मिट्टी ने कल्याण सिंह और अशोक सिंघल को दिया है। पीएम ने कहा कि अब मजबूत भारत के लिए मजबूत सरकार बनानी है। भाजपा को वोट करना है। घर-घर जाइये और लोगों को वोट के लिए समझाइए। इस दिन को उत्सव की तरह मनाएं। हमको हर पोलिंग बूथ जितना है। एक भी बूथ हारना नहीं है। पीएम ने लोगों से कहा कि मेरा एक काम करना और लोगों को बोलना कि मोदीजी अलीगढ़ आएं हैं और सबको राधे राधे बोला है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि पहले चरण के किसी भी सीट पर विपक्षियों का खाता भी नहीं खुलेगा। राजा महेंद्र प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी के शिलान्यास के लिए पीएम मोदी स्वयं आए थे, जिसका अब सत्र भी शुरू हो गया है। जिन सपा, बसपा, कांग्रेस के लोगों ने विकास से वंचित रखा, चुनाव के माध्यम से उनकी किस्मत पर अलीगढ़ का ताला लगाकर पीएम मोदी को तीसरी बार पीएम बनाएं। फिर एक बार, अबकी बार मोदी सरकार के सीएम ने नारे लगवाए। अलीगढ़ से सतीश गौतम और हाथरस से अनूप वाल्मीकि के लिए वोट देने की अपील की। केवल कमल का फूल और मोदी को देखे। जय, जय श्रीराम के साथ बात को खत्म किया।

More news