लोकसभा चुनाव:दूसरे चरण के लिए 26 अप्रैल को होगा मतदान,थम जाएगा चुनाव प्रचार का शोरगुल,हेमा माल‍िनी सह‍ित कई उम्मीदवारों की परीक्षा
लोकसभा चुनाव:दूसरे चरण के लिए 26 अप्रैल को होगा मतदान,थम जाएगा चुनाव प्रचार का शोरगुल,हेमा माल‍िनी सह‍ित कई उम्मीदवारों की परीक्षा

23 Apr 2024 |  36



लखनऊ।लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान वाले क्षेत्रों में बुधवार को छह बजे चुनाव प्रचार का शोरगुल थम जाएगा।दूसरे चरण में कुल 91 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।दूसरे चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अमरोहा,मेरठ,बागपत,गाजियाबाद,गौतम बुद्ध नगर,बुलंदशहर,अलीगढ़ और मथुरा लोकसभा सीटों पर 26 अप्रैल को मतदान होगा।इन आठ लोकसभा सीटों पर शुक्रवार सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा।पिछले लोकसभा चुनाव में इन आठ सीटों में सात पर भारतीय जनता पार्टी ने कब्जा जमाया था।एक पर बहुजन समाज पार्टी ने कब्जा जमाया था।



 



गौतमबुद्ध नगर और मथुरा लोकसभा पर सर्वाधिक 15-15 और बुलंदशहर में सबसे कम छह प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। अमरोहा में 12, मेरठ में आठ, बागपत में सात,गाजियाबाद और अलीगढ़ में 14-14 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।इनके भाग्य का फैसला 1,67,77,198 मतदाता करेंगे।



 



दूसरे चरण में मथुरा से भाजपा सांसद फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी,गौतमबुद्ध नगर से सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री डा.महेश शर्मा,अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम जीत की तिकड़ी लगाने के लिए चुनावी मैदान में हैं।धारावाहिक रामायण में प्रभु श्रीराम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल भी इसी चरण में अपने जीवन के पहले राजनीतिक इम्तिहान से गुजरेंगे।



 



बुलंदशहर से मौजूदा भाजपा सांसद भोला सिंह के जीत का विजय रथ को बसपा सांसद गिरीश चंद्र रोक पाते हैंं या नहीं, इस पर निगाहें लगी हैं।भोला सिंह लगातार यहां से दो बार सांसद हैं।तीसरी बार फिर चुनावी मैदान में हैं।बसपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले सांसद कुंवर दानिश अली अमरोहा में फिर कमाल कर पाएंगे या नहीं,दूसरा चरण यह भी तय करेगा।योगी सरकार के पहले कार्यकाल में राज्य मंत्री रहे गाजियाबाद के भाजपा विधायक अतुल गर्ग की परीक्षा भी दूसरे चरण में होगी।



 



मंगलवार को सभी राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत लगाई।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में गौतमबुद्ध नगर में जनसभा को संबोधित किया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमरोहा और बागपत में जनसभाएं तो मेरठ में रोड शो किया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में अलीगढ़ और बागपत में जनसभाएं कीं। बसपा मुखिया मायावती ने अलीगढ़ और मेरठ में जनसभाएं कर पार्टी प्रत्याशियों के लिए जनसमर्थन जुटाया। बुधवार को अंतिम दिन भी सभी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार में पूरी ताकत लगाएंगे।


More news