ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बड़के जिले प्रतापगढ़ की बड़की विधानसभा कुंडा से लगातार सातवीं बार विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भइया को एक बार फिर जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी का मुखिया चुना गया है।प्रदेश भर से आए पदाधिकारियों ने राजा भइया को सर्वसम्मति से एक बार फिर से जनसत्ता दल का मुखिया चुना।
राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पार्टी की वार्षिक बैठक को राजा भइया ने संबोधित किया।राजा भइया ने गावों में संगठन मजबूती पर जोर दिया।कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने के निर्देश दिए।राजा भइया ने पार्टी पदाधिकारियों को एक महीने के भीतर सभी जिलों में संगठन तैयार करने के निर्देश दिए।
राजा भइया ने पंचायत चुनाव भी लड़ने का ऐलान किया है। राजा भइया ने कहा कि पार्टी प्रदेश में अपने दम पर पंचायत चुनाव लड़ेगी,पंचायत चुनाव के लिए फिलहाल किसी भी दल के साथ गठबंधन की कोई बातचीत नहीं की जा रही है। राजा भइया ने कहा कि सबसे पहले हमें जिला स्तर पर संगठन मजबूती के साथ तैयार करना होगा। पदाधिकारियों से बूथ कमेटियों का गठन करने की बात कही।
राजा भइया ने कहा कि आज देश आतंकवाद,भ्रष्टाचार जैसे कई संकट से गुजर रहा है,देशहित सर्वोपरि है,इससे बढ़कर कुछ भी नहीं है। राजा भइया ने कहा कि ऐसे में कार्यकर्ताओं को मुखर होकर आवाज बुलंद करनी होगी,जनता की समस्याओं को लेकर संघर्ष करना होगा,सोशल मीडिया के माध्यम से देशहित में पार्टी की बात रखनी होगी।
राजा भइया ने कहा कि जनप्रतिनिधि का अर्थ है,जनता के बीच रहना,जनप्रतिनिधि जनता का नुमाइंदा होता है। जनप्रतिनिधि का व्यवहार चुनाव के बाद भी बदलना नहीं चाहिए,जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करते रहना चाहिए।
राजा भइया ने कहा कि प्रख्यात कथा वाचक धीरेंद्र शास्त्री राष्ट्रवाद की भावना फैला रहे हैं। इसके बाद भी लोग उन पर टिप्पणी कर रहे हैं।धीरेंद्र शास्त्री ने कभी भी अखिलेश यादव पर कोई भी टिप्पणी नहीं की हैं,लेकिन अखिलेश यादव का उनके बारे में बयान देना ठीक नहीं है। राजा भइया ने कहा कि जातिवाद नहीं, राष्ट्रवाद ही देश के उत्थान के लिए मूल मंत्र होगा।
इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश नाथ ओझा, जितेंद्र सिंह मुन्ना,पूर्व मंत्री शैलेंद्र सरोज आदि ने संबोधित किया। संचालन बृजेश राजावत ने किया।