लखनऊ।पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का गुरुवार को आगाज़ हो चुका है।इसकी तपन उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में भी महसूस की जा रही है। गुरुवार को शुरू हुए मतदान के साथ ही यूपी की सभी प्रमुख पार्टियों ने अपनी कमर कस ली है।आखिर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम यूपी की सियासत के लिए इतने महत्वपूर्ण क्यों हैं और यह 2027 की बिसात कैसे बिछाएंगे।आइए समझते हैं।
यूपी के लिए क्यों अहम है पश्चिम बंगाल का चुनावी रण
पश्चिम बंगाल का चुनाव केवल एक राज्य की सत्ता का फैसला नहीं है,बल्कि यह उत्तर प्रदेश के भविष्य की सियासत के लिए एक ब्लूप्रिंट की तरह है।यूपी की सभी पार्टियां पश्चिम बंगाल के विधानसभा नतीजों के आधार पर ही अपनी आगामी रणनीतियों की रूपरेखा तैयार करेंगी।
पंकज चौधरी की अपील और बीजेपी का सोनार बांग्ला संकल्प
यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं।पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया के जरिए बंगाल के मतदाताओं से वोट की अपील करते हुए लिखा कि भ्रष्टाचार और अराजकता से मुक्ति के लिए कमल का बटन दबाएं। भाजपा इसे सुशासन और विकास की नई आजादी के तौर पर पेश कर रही है।
बंगाल चुनाव और यूपी के बीच के 4 बड़े कनेक्शन
भाजपा का मनोबल और संगठन:पश्चिम बंगाल पर फतह करना भाजपा के लिए एक बड़ा सपना रहा है।अगर भाजपा यहां किला फतह करने में सफल होती है, तो इसका सीधा असर यूपी के कार्यकर्ताओं के मनोबल पर पड़ेगा।यह जीत 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के पक्ष में एक मजबूत नैरेटिव सेट करेगी।
योगी आदित्यनाथ का ब्रांड और हिंदू वोट:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल में धुआंधार और आक्रामक रैलियां की हैं।योगी के भाषणों और रैलियों ने पश्चिम बंगाल के चुनाव को बहुत दिलचस्प बना दिया है।अब देखना यह होगा कि योगी का स्टार पावर और हिंदू वोटों को एकजुट करने की रणनीति पश्चिम बंगाल में कितनी सफल होती है।
यूपी में टीएमसी की एंट्री और गठबंधन:तृणमूल कांग्रेस केवल पश्चिम बंगाल तक सीमित नहीं है।यूपी के कई जिलों में टीएमसी अपना संगठन खड़ा कर चुकी है और यहां इंडिया गठबंधन का हिस्सा है। 2024 के चुनाव में भदोही से ललितेश पति त्रिपाठी टीएमसी के उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे थे।ऐसे में ममता बनर्जी की जीत या हार यूपी में विपक्षी दलों की ताकत तय करेगी।
विपक्षी एकजुटता की परीक्षा:पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे यह तय करेंगे कि यूपी में विपक्षी दल भाजपा के खिलाफ कितने आक्रामक होकर उतरेंगे।ममता बनर्जी का प्रदर्शन विपक्षी खेमे की रणनीति और उनके भविष्य के रुख को कितना प्रभावित करेगा।