कुख्यात माफिया अतीक अहमद की बरसी पर सूनी रही कब्र, जिस दरबार में लोग लगाते थे हाजिरी,वहां चर रही बकरियां
कुख्यात माफिया अतीक अहमद की बरसी पर सूनी रही कब्र, जिस दरबार में लोग लगाते थे हाजिरी,वहां चर रही बकरियां

16 Apr 2026 |   32



 

प्रयागराज। 16 साल की उम्र से खून की नदियां बहाने वाला कुख्यात माफिया अतीक अहमद और उसका भाई माफिया अशरफ की हत्या को 15 अप्रैल को तीन साल पूरे हो गए। 15 अप्रैल को अतीक और अशरफ की कालविन अस्पताल के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 

माफिया अतीक अहमद और एनकाउंटर में मारे गए उसके बेटे असद और अशरफ को कसारी मसारी के कब्रिस्तान में दफन किया गया था।तीसरी बरसी पर तीनों की कब्र सूनी रही। कोई फातेहा पढ़ने और फूल चढ़ाने नहीं आया।बताया जा रहा है कि अतीक के दोनों बेटे ऐजम और अबॉन भी शहर के बाहर हैं। 

उमेश पाल हत्याकांड के बाद से अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन और उमेश हत्याकांड के आरोपी साबिर,अरमान और बमबाज गुड्डू मुस्लिम फरार हैं।तीनों पर 5-5 लाख का इनाम घोषित है,जबकि शाइस्ता पर 50 हजार का इनाम है।इसके अलावा अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा और अतीक की बहन अएशा नूरी भी फरार हैं,लेकिन अब तक किसी का सुराग नही लगा है। 

कुख्यात माफिया अतीक के सम्राज्य का खात्मा हुए तीन साल गुजर गए और चकिया में अतीक का बंगला खंडहर में तब्दील हो चुका है।बंगले के बाहर की तरफ,जिस जगह अतीक लोगों के साथ बैठक करता था आज उस जगह पर मोहल्ले के लड़के क्रिकेट खेलते हैं।इलाके के लोग भी अब धीरे-धीरे अतीक का रसूक भूलने लगे हैं। बंगले के दूसरे हिस्से में अशरफ का परिवार रहता था,वो भी खंडहर बन चुका है। खंडहर में झाड़ियां उग आई हैं, जो लोग भी चकिया के इस रास्ते से गुजरते हैं वो अतीक के अतीत को जरूर देखते हैं।

अतीक अहमद और अशरफ की मौत के बाद उनके साथ काम करने वाले अधिकतर लोग जेल भेजे गए थे,जिसमें से काफी लोग ज़मानत पर अब बाहर भी आ गए हैं। अब अतीक के लोग अपने अपने फायदे के लिए हर जोड़ तोड़ कर रहे हैं।    हाल ही में करेली में हुई हत्या भी इसी से जोड़ कर देखी जा रही है।

More news