पीएम मोदी के कार्यक्रम में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा का जबरदस्त घेरा,डायवर्जन लागू
पीएम मोदी के कार्यक्रम में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा का जबरदस्त घेरा,डायवर्जन लागू

13 Apr 2026 |   35



 

सहारनपुर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल मंगलवार को सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। पीएम के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे। कार्यक्रम को देखते हुए एक्सप्रेसवे पर जबरदस्त सुरक्षा घेरा बनाया गया है।रविवार शाम से ही अलग-अलग मार्गों पर 46 घंटे का डायवर्जन भी लागू कर दिया गया है। 

पीएम और सीएम की सुरक्षा में तैनात रहेंगे चार हजार पुलिसकर्मी 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में चार हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।कई जिलों से फोर्स सहारनपुर पहुंच गई है।आगरा,मेरठ और बरेली जोन से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।इसके साथ ही केंद्रीय और प्रदेश की खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट मोड में हैं।

पीएम डाॅ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर आ रहे हैं सहारनपुर 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा साहेब डाॅक्टर भीमराव आंबेडकर की जयंती पर सहारनपुर आ रहे हैं।इस अवसर पर पीएम दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। पीएम और सीएम के कार्यक्रम को लेकर पिछले 15 दिनों से बिहारीगढ़ के गणेशपुर में तैयारियां चल रही हैं।अब तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है।पीएम के कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती है।

पांच लेयर सुरक्षा घेरा

सभा स्थल पर प्रवेश से पहले 5 लेयर की सुरक्षा जांच की व्यवस्था की गई है।हर व्यक्ति की सघन चेकिंग अनिवार्य की गई है।आम लोगों के लिए अलग सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था होगी।सभा स्थल के आसपास लगभग 2 किलोमीटर क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था की गई है।

आज आएंगे सीएम

सीएम योगी आज सोमवार सहारनपुर पहुंचेंगे।अपने इस महत्वपूर्ण दौरे में सीएम वाइल्डलाइफ कॉरिडोर का निरीक्षण करेंगे,डाट काली मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लेंगे और विकास परियोजनाओं की समीक्षा भी करेंगे। देर शाम सर्किट हाउस में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे।

डाट काली मंदिर दिल्ली-देहरादून हाईवे पर आस्था का प्रमुख केन्द्र 

डाट काली मंदिर दिल्ली-देहरादून हाईवे पर आस्था का प्रमुख केंद्र है।मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है।दर्शन के दौरान ट्रैफिक नियंत्रित रहेगा और स्थानीय श्रद्धालुओं की भीड़ संभावित रहेगी।

पीएम और सीएम के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट 

पीएम मोदी और सीएम योगी के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है।सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त फोर्स जगह जगह तैनात की गई है और सभी मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

डायवजर्न लागू

पीएम और सीएम योगी के कार्यक्रम को लेकर सहारनपुर पुलिस प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू किया है। दिल्ली-देहरादून ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन और जनसभा की वजह से रविवार शाम 6 बजे से ही डायवर्जन लागू कर दिया गया है। बुधवार शाम 4 बजे तक रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा।वीवीआईपी मूवमेंट और भारी भीड़ को देखते हुए देहरादून आने-जाने वाले वाहनों के मार्ग पूरी तरह बदले गए हैं।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों सख्ती से डायवर्जन प्लान लागू कराने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने का दिया निर्देश 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को सख्ती से डायवर्जन प्लान लागू कराने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।प्रशासन का कहना है कि इस विशेष ट्रैफिक व्यवस्था का उद्देश्य आमजन को जाम से राहत देना,वीवीआईपी मूवमेंट को सुरक्षित बनाना और कार्यक्रम के दौरान किसी भी अव्यवस्था को रोकना है।

एसएसपी के मुताबिक 

एसएसपी अभिनंदन सिंह के मुताबिक वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए यह डायवर्जन प्लान सुरक्षा और सुचारु यातायात के लिए लागू किया गया है। सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को सख्ती से निर्देश दिए गए हैं कि कहीं भी जाम की स्थिति न बनने पाए और आमजन को कम से कम परेशानी हो।

ऐसे रहेगा डायवर्जन

मुजफ्फरनगर-देहरादून मार्गः रामपुर तिराहा/मलीरा कट-पुरकाजी-मंगलौर-रुड़की/हरिद्वार

मुजफ्फरनगर/देवबंद/नागल-देहरादून मार्गः कोलकी बाईपास-गागलहेड़ी-भगवानपुर-रुड़की/हरिद्वार

सहारनपुर-देहरादून मार्गः गागलहेड़ी तिराहा-भगवानपुर-रुड़की/हरिद्वार

बेहट/छुटमलपुर-देहरादून मार्गः बड़कलां अंडरपास-भगवानपुर-रुड़की/हरिद्वार

यमुनानगर-देहरादून मार्गः पोंटा साहिब मार्ग से आवागमन

देहरादून-सहारनपुर (बिहारीगढ़ होकर): ऋषिकेश/हरिद्वार की ओर डायवर्ट

दिल्ली/शामली-देहरादून मार्ग: बाबरी कट-मुजफ्फरनगर हाईवे-रुड़की/हरिद्वार

More news