मऊ में गरजे सीएम योगी,बोले-आज कोई माफिया असलहा लहराते हुए खुली जीप में नहीं घूम सकता,गुंडे व माफियाओं की दुर्गति तय
मऊ में गरजे सीएम योगी,बोले-आज कोई माफिया असलहा लहराते हुए खुली जीप में नहीं घूम सकता,गुंडे व माफियाओं की दुर्गति तय

30 May 2026 |   11



 

म‌ऊ।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को म‌ऊ में मां शीतला देवी धाम 392 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 124 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।गांधी मैदान में आयोजित विकास जनसभा के मंच से विपक्ष और माफियाओं पर सीएम योगी ने जोरदार हमला बोला।

सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए साल 2005 के मऊ दंगों का उल्लेख किया।सीएम ने पिछली सरकारों के कार्यकाल में बहुसंख्यकों के उत्पीड़न,धार्मिक आयोजनों में बाधा और सुरक्षा के गंभीर संकट को लेकर पूर्ववर्ती सत्ताधीशों को कटघरे में खड़ा किया।

विकास कार्यों का लेखा-जोखा पेश करते हुए सीएम योगी ने कहा कि एक अच्छी सरकार कभी भी जाति देखकर काम नहीं करती बल्कि सबके कल्याण के लिए विकास करती है। सीएम ने जनता से संवाद करते हुए पूछा कि क्या अस्पताल में जाति पूछकर इलाज किया जाता है,क्या जाति पूछकर किसी को पुल पर चलने दिया जाता है या फिर बाढ़ से बचाव का कार्य जाति देखकर होता है। सीएम ने स्पष्ट कहा कि अच्छी सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग के लिए पूरी ईमानदारी से काम करती है।

वर्ष 2005 के दंगों को याद दिलाते हुए सीएम योगी ने कहा कि 21 साल पहले मऊ को जलाने का कुत्सित प्रयास हुआ था,उस समय सत्ता के संरक्षण में माफिया उत्सव भरे आस्था के केंद्र रामलीला आयोजन में व्यवधान पैदा करके निर्दोष हिंदुओं का कत्लेआम कर रहे थे।तब की सरकार माफिया के सामने पूरी तरह नतमस्तक थी,दंगा और कर्फ्यू के उस माहौल ने युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया था। लोग उत्तर प्रदेश का नाम सुनकर दस कदम पीछे हट जाते थे, लेकिन आज राज्य की पहचान बदल चुकी है।

सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए सीएम योगी ने कहा कि जो लोग भी धार्मिक आयोजनों,यज्ञ,रामनवमी,जन्माष्टमी या शिवरात्रि जैसे पावन पर्वों में व्यवधान डालेंगे,उनकी दुर्गति रावण और कंस जैसी होना तय है। सीएम ने कहा कि पहले गरीब चंदा जुटाकर भी रामलीला नहीं करा पाता था,व्यापारी सूर्यास्त से पहले दुकान बंद करने को मजबूर था और बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं,लेकिन आज कोई भी माफिया पिस्तौल लहराकर या खुली जीप में घूमकर किसी हिंदू को धमकाने की हिम्मत नहीं कर सकता।

सीएम योगी ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि 2014 से 2017 के बीच तत्कालीन सपा सरकार ने केंद्र की लोककल्याणकारी योजनाओं को जानबूझकर उत्तर प्रदेश में लागू नहीं होने दिया,गरीबों तक लाभ पहुंचाने के मार्ग में तमाम बाधाएं खड़ी की गईं। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए सिर्फ चार जातियां हैं,जिनमें गरीब,युवा,नारी और अन्नदाता किसान शामिल हैं।अंत में सीएम ने दोहराया कि अगर किसी ने बेटी या व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाई, तो उसका सीधा इंतजार सिर्फ यमराज करेगा।

कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा,कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान,पंचायती राज मंत्री,सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर,विधायक रामविलास चौहान,एमएलसी विजय लाल राजभर समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बता दें कि बारिश के बावजूद भी भारी संख्या में कार्यकर्ता और लोग मुख्यमंत्री को सुनने के लिए मौजूद रहे।

More news