लखनऊ।उत्तर प्रदेश में मानसून के रफ्तार पकड़ने की पूरी संभावना है।मौसम विभाग ने 21 जुलाई तक कई जिलों में गरज-चमक,वज्रपात और भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी की ओर से जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक...
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 18 जुलाई से 21 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा।इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।मौसम विभाग का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी,लेकिन निचले इलाकों में जलभराव,बिजली गिरने और तेज हवाओं से सतर्क रहने की जरूरत होगी।
प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं
आईएमडी के मुताबिक प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं,अगले चार से पांच दिनों तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश दोनों क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर बारिश दर्ज होने की संभावना है।कई स्थानों पर बादलों की तेज आवाज,बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
शनिवार को और बढ़ेगा बारिश का दायरा
शनिवार को भी मानसून सक्रिय रहेगा।पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक इस दिन भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है,गरज-चमक के दौरान बिजली गिरने और तेज हवा चलने की आशंका बनी रहेगी।
रविवार को भारी बारिश की सबसे अधिक संभावना
आईएमडी के मुताबिक रविवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।यह अवधि मानसून के लिहाज से सबसे सक्रिय रहने वाली मानी जा रही है।बलिया,देवरिया,गोरखपुर,संतकबीर नगर,बस्ती,कुशीनगर, महाराजगंज,सिद्धार्थनगर और बलरामपुर के आसपास भारी बारिश की संभावना अधिक है।कौशांबी,प्रयागराज,प्रतापगढ़, सोनभद्र,चंदौली,मिर्जापुर,जौनपुर,भदोही,आजमगढ़,मऊ, बलिया,देवरिया,गोरखपुर,संतकबीर नगर,बस्ती,कुशीनगर, महाराजगंज,सिद्धार्थनगर,गोंडा,बलरामपुर,श्रावस्ती,बहराइच, लखीमपुर खीरी,सीतापुर,हरदोई,फर्रुखाबाद,उन्नाव,लखनऊ, बाराबंकी,अयोध्या,सुल्तानपुर,अमेठी,अंबेडकरनगर, सहारनपुर,शामली,मुजफ्फरनगर,बिजनौर,अमरोहा, मुरादाबाद,रामपुर,बरेली,पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना है।
सोमवार को कई जिलों में जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
सोमवार को भी प्रदेश के दोनों हिस्सों में अनेक स्थानों पर बारिश का अनुमान है।पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और बिजली गिरने के समय खुले स्थानों में न रुकने की सलाह दी है.
किन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
आईएमडी के जिला आधारित चेतावनी मानचित्र के मुताबिक मध्य,बुंदेलखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।इन जिलों में तेज बारिश,वज्रपात और स्थानीय स्तर पर जलभराव की आशंका है।वहीं प्रदेश के बड़ी संख्या में जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। आईएमडी ने प्रभाव आधारित चेतावनी में कहा है कि भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है,कच्चे मकानों और कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंच सकता है,कुछ स्थानों पर सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है,खेतों में पानी भरने से फसलों पर असर पड़ सकता है और बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं।