ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की गड़वारा विधानसभा से बहुजन समाज पार्टी के पूर्व विधायक भारतीय जनता पार्टी के नेता बृजेश मिश्रा सौरभ बड़ी ठगी का शिकार हुए हैं।जालसाजों ने तीन करोड़ रुपये की ठगी की है। बृजेश सौरभ की तहरीर पर विभूतिखंड पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
बहुजन समाज पार्टी से समाजवादी पार्टी से होते हुए भारतीय जनता पार्टी में पहुंचे बृजेश मिश्रा सौरभ का आरोप है कि उन्हें रियल एस्टेट में निवेश के साथ पेट्रोल पंप और शराब का ठेका दिलाने के नाम पर समय-समय पर ठगा गया। बृजेश सौरभ ने विभूतिखंड थाने में आरोपी आलोक मिश्रा,उसके परिवार और सहयोगियों के खिलाफ तहरीर दी है।तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पूर्व विधायक बृजेश मिश्रा के मुताबिक साल 2016-17 में प्रतापगढ़ के आलोक मिश्रा ने उनसे संपर्क किया,उसने खुद को प्रभावशाली लोगों का करीबी बताते हुए विभिन्न व्यवसायों में निवेश का लालच दिया।आरोपियों ने 2022 से 2025 के बीच अलग-अलग अवसरों पर आनलाइन और नकद मिलाकर तीन करोड़ रुपये से अधिक की राशि ली।ठगों ने वंदे गणपति इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी बनाकर निदेशक बनाया और चेकों पर हस्ताक्षर कराकर गबन कर लिया।
बृजेश मिश्रा के मुताबिक शराब दुकानों के आवंटन की फर्जी प्रक्रिया के तहत आधार कार्ड,ओटीपी और धनराशि हासिल की गई।इसके बाद ठगों ने 25 से 30 दुकानों की चाबियों का गुच्छा सौंपकर भरोसा दिलाया।इसी तरह पेट्रोल पंप के आवंटन के नाम पर भी फर्जी दस्तावेज दिखाए गए।
बृजेश मिश्रा के आरोपितों ने परिचित कारोबारियों से भी करोड़ों रुपये की ठगी की है।गुड बेकरी के संचालक लक्ष्मण आहूजा से 70 लाख रुपये और प्रयागराज के अमित गुप्ता से 51 लाख रुपये ठगे गए।जब पीड़ितों ने रुपये मांगे तो आरोपित फरार हो गया।
इंस्पेक्टर उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है।