लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने लखनऊ में पार्टी कार्यालय में शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की।इस दौरान अखिलेश ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश ने कानून व्यवस्था,महंगाई,बेरोजगारी,किसानों की समस्याओं,निवेश और विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों की जानकारी भी दी.।
अखिलेश ने महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। अखिलेश ने कहा कि रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति का जिक्र करते हुए भाजपा के पुराने बयानों पर भी सवाल उठाए।अखिलेश ने कहा कि पेट्रोल की कीमत को नियंत्रित रखने के लिए एथेनॉल मिलाया जा रहा है। इससे वाहनों का माइलेज प्रभावित हो रहा है और गाड़ियों को नुकसान भी हो रहा है,युवाओं के लिए पर्याप्त नौकरियां नहीं हैं,निवेश जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा है,बल्कि केवल विज्ञापनों में नजर आ रहा है।
सपा में नेताओं की ज्वाइनिंग
अखिलेश यादव ने कानपुर देहात के पूर्व प्रत्याशी जुनैद के समाजवादी पार्टी की सदस्यता लेने का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी। अखिलेश ने कहा कि अगर पार्टी ने पहले ही उन्हें मना लिया होता,समझा लिया होता और राजनीतिक सम्मान दिया होता तो समाजवादी पार्टी का एक सांसद बढ़ गया होता और आसपास के क्षेत्रों में भी पार्टी को इसका लाभ मिलता। अखिलेश ने कहा कि आने वाले समय में पार्टी ऐसे लोगों को मनाएगी,समझाएगी और उनका सहयोग भी लेगी।अखिलेश ने पार्टी में शामिल होने वाले मयंक द्विवेदी,बांदा के नंदकिशोर और श्रावस्ती के जितेंद्र कुमार गुप्ता का भी स्वागत किया।जितेंद्र कुमार गुप्ता भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए हैं।
2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी सपा
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव की तैयारी कर रही है। अखिलेश ने कहा कि पहले यह सुनने में आया था कि भाजपा समय से पहले चुनाव कराना चाहती है, लेकिन सर्वे में अपनी स्थिति देखने के बाद अब समय पर चुनाव कराने की बात सामने आ रही है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लगातार कार्यक्रम हो रहे हैं और न जाने कितने कार्यक्रम अब तक आयोजित किए जा चुके हैं।चुनाव में पार्टी को जमीन पर भी लड़ाई लड़नी होगी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उठाए जा रहे सवालों का भी जवाब देना होगा। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी आगामी चुनाव की तैयारी में पूरी तरह जुटी हुई है और जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।