रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली के डलमऊ के युवाओं के लिए अच्छी खबर है।अब खेल की तैयारी के लिए उन्हें इधर-उधर जगह तलाशने की जरूरत नहीं पड़ेगी।कस्बे में नया स्टेडियम बनाने की तैयारी शुरू हो गई है,इसके लिए एफएसटीपी के पास करीब साढ़े चार बीघा जमीन चुनी गई है। जमीन का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है और मंजूरी मिलते ही आगे का काम शुरू होगा।
डलमऊ में बनेगा स्टेडियम
अभी डलमऊ में युवाओं के लिए ऐसा कोई बड़ा खेल मैदान नहीं है,जहां वे ठीक से अभ्यास कर सकें,ऐसे में कई युवा सड़क,खेत या पगडंडी पर दौड़ लगाकर तैयारी करते हैं। क्रिकेट खेलने वाले युवाओं को भी अपनी प्रैक्टिस के लिए सही जगह नहीं मिलती।खेल की सुविधाएं कम होने से यहां के खिलाड़ियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
10 वार्ड, लगभग 12 हजार की आबादी,फिर भी नहीं था बड़ा मैदान
डलमऊ कस्बे में 10 वार्ड हैं और यहां लगभग 12 हजार लोग रहते हैं।इतनी आबादी वाले कस्बे में लंबे समय से एक अच्छे खेल मैदान की जरूरत महसूस की जा रही थी।खासकर युवाओं की परेशानी को देखते हुए स्टेडियम बनाने की मांग उठती रही है।अब नगर पंचायत की ओर से इसके लिए जमीन की तलाश पूरी कर ली गई है।एफएसटीपी के पास करीब साढ़े चार बीघा जमीन चुनी गई है,इसके बाद जमीन के चयन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।शासन की मंजूरी मिलने के बाद निर्माण की अगली प्रक्रिया शुरू होगी।
क्रिकेट से लेकर एथलेटिक्स तक खिलाड़ियों को मिलेगा फायदा
स्टेडियम बनने के बाद डलमऊ और आसपास के युवाओं को खेल की तैयारी के लिए बेहतर जगह मिल सकेगी।यहां क्रिकेट,फुटबाल,कबड्डी और एथलेटिक्स जैसे खेलों के खिलाड़ियों को अभ्यास का मौका मिलेगा।अभी सही मैदान नहीं होने से कई खिलाड़ी अपनी तैयारी ठीक से नहीं कर पाते हैं।खासकर दौड़ और एथलेटिक्स की तैयारी करने वाले युवाओं को सड़क या पगडंडी पर अभ्यास करना पड़ता है। नया स्टेडियम बनने के बाद उन्हें अपने ही कस्बे में बेहतर माहौल मिल सकेगा।
खिलाड़ियों को बाहर जाने की जरूरत होगी कम होगी
डलमऊ और आसपास के इलाके में खेल में रुचि रखने वाले काफी युवा हैं,लेकिन सुविधाओं की कमी के कारण उन्हें अभ्यास के लिए दूसरे इलाकों का रुख करना पड़ता है।स्टेडियम तैयार होने के बाद स्थानीय खिलाड़ियों को अपने घर के पास ही अभ्यास करने की सुविधा मिलेगी।इससे उन युवाओं को भी फायदा होगा,जो खेल में आगे बढ़ना चाहते हैं लेकिन मैदान और दूसरी जरूरी सुविधाएं नहीं मिलने के कारण नियमित अभ्यास नहीं कर पाते. बेहतर मैदान मिलने पर वे जिला और प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी भी कर सकेंगे।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया प्राथमिकता
नगर पंचायत अध्यक्ष पं. बृजेशदत्त गौड़ ने बताया कि युवाओं को खेल के लिए बेहतर माहौल देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है. इसी को देखते हुए स्टेडियम के लिए एफएसटीपी के पास जमीन चुनी गई है और प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।शासन से मंजूरी मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।
स्टेडियम बनने की खबर से स्थानीय युवाओं और खेल प्रेमियों में भी उत्साह है।स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यहां अच्छा खेल मैदान तैयार होता है तो डलमऊ के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मौका मिलेगा. इससे इलाके के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने में मदद मिल सकती है.