बांदा।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा पहुंचे।पंडित जेएन पीजी कालेज मैदान में आयोजित जनसभा में बांदा और बबेरू विधानसभा क्षेत्र की 710 करोड़ रुपये की लागत वाली 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर सीएम ने बुंदेलखंड को बेहतरीन कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात दी है।
सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए वर्ष 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था और बदहाली की तुलना आज के बदलते उत्तर प्रदेश से की। सीएम ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से अपराधियों और माफियाओं को सीधे मंच से चेतावनी दी। सीएम ने डबल इंजन सरकार की नीतियों को बिना किसी भेदभाव और तुष्टिकरण के धरातल पर उतारने की बात कही।
सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि साल 2017 के पहले बुंदेलखंड में कहीं खनन माफिया,कहीं सैंड माफिया,लैंड माफिया,वन माफिया तो कहीं डकैतों का भारी आतंक था।किसान अपने ही खेत में जाने से डरता था और पाठा का क्षेत्र डकैतों की फिरौती वसूली का माध्यम बन गया था।अगर ऐसे भू-माफिया और डकैत चुनाव जीतकर जाएंगे, तो वे व्यापारियों का अपहरण करेंगे,लोगों की जमीनों पर जबरन कब्जा करेंगे और गरीबों को उजाड़ेंगे।
सीएम योगी ने कहा कि नौ वर्ष पहले के बांदा और आज के बांदा में जमीन-आसमान का परिवर्तन दिखाई पड़ता है।एक समय था जब पलायन और प्यास ही बुंदेलखंड की मुख्य पहचान बन चुकी थी,यहां कनेक्टिविटी,सिंचाई और पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं थी,जिसके कारण नौजवानों को पलायन करना पड़ता था और हमारी बेटियां पूरी तरह असुरक्षित थीं।सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नौ वर्षों में बुंदेलखंड की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं।कभी पलायन,पेयजल संकट और डकैतों के लिए पहचाने जाने वाले इस क्षेत्र में आज विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।
सीएम योगी ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें सबसे पहले बुंदेलखंड का दौरा करने और इस क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने के लिए कहा था।
सीएम ने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश में डबल इंजन सरकार बनने के बाद हालात तेजी से बदले।आज बुंदेलखंड बेहतर सड़क और रेल संपर्क से जुड़ रहा है,हर घर तक पेयजल पहुंचाने और किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने के लिए बड़े पैमाने पर काम किया जा रहा है। सरकारी नौकरियों में भी बांदा के युवाओं की भागीदारी बढ़ी है, जो पहले केवल एक सपना हुआ करती थी।
सीएम योगी ने कहा कि आज बुंदेलखंड डकैतों और माफियाओं के आतंक से मुक्त होकर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज,कृषि विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज जैसी संस्थाएं संचालित हो रही हैं। पालीटेक्निक कॉलेज का निर्माण कराया जा रहा है तथा सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से कार्य चल रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि यह परिवर्तन जनता के सहयोग और अच्छे जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से संभव हुआ है।सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी,जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद और नरैनी विधायक ओममणि वर्मा का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से क्षेत्र में विकास परियोजनाओं को गति मिली है।
सीएम योगी ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में जिसको भी प्रदेश की रखवाली की जिम्मेदारी दी गई थी,वही लोग पूरे प्रदेश को लूटने में व्यस्त थे, उस समय गरीबों के लिए न तो मुफ्त अन्न की व्यवस्था थी, न उज्ज्वला योजना का लाभ मिलता था और न ही प्रधानमंत्री आवास योजना थी। सीएम ने कहा कि आज बिना किसी भेदभाव के प्रधानमंत्री आवास योजना,उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुफ्त राशन सहित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ,सबका विकास के मंत्र के अनुरूप प्रदेश सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है।
अपराधियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए सीएम योगी ने कहा कि हमारी सरकार उपद्रव,गुंडागर्दी और कर्फ्यू को बिल्कुल भी पसंद नहीं करती है,यह सरकार बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को साफ चेतावनी देती है,अगर वे सीधे शब्दों में नहीं मानते हैं,तो हमारी पुलिस और सरकार उनके लिए सीधे यमराज के घर जाने का रास्ता भी खोल देती है। आज अपराधियों के मन में कानून का डर साफ देखा जा सकता है।
विपक्ष को घेरते हुए सीएम योगी ने कहा कि कुछ लोगों ने हिंदू संस्कृति और सनातन धर्म को कोसना तथा उसका अपमान करना ही अपना एकमात्र लक्ष्य बना लिया है।बीजेपी सरकार आई तो जनता का पैसा मंदिरों के विकास और धामों के सौंदर्यीकरण में इस्तेमाल हो रहा है,जबकि सपा की सरकार में यही पैसा कब्रिस्तान बनाने में जाता था। सीएम ने कहा कि सपा के लोगों को कब्रिस्तान प्यारा है,इसलिए वे राम मंदिर,काशी विश्वनाथ धाम और मां विंध्यवासिनी धाम का लगातार विरोध करते हैं।
जनसभा में कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि विपणन राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह,जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद,जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल,नगर पालिका अध्यक्ष मालती बसु,राज्यसभा सदस्य बाबूराम निषाद,विधान परिषद सदस्य डाॅक्टर बाबूलाल तिवारी,सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर,नरैनी विधायक ओममणि वर्मा,भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू राजपूत,क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू,पूर्व सांसद आरके पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।