हाथरस।उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर आकाश आनंद मैदान में उतर चुके हैं।आकाश आनंद ने सोमवार को हाथरस जिले के सादाबाद में अपनी पहली जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार पर हमला बोला है।
बता दें कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार मंच पर आए आकाश आनंद ने अपने पुराने तेवर में अपने भाषण की शुरुआत की।आकाश आनंद ने कहा,लॉ एंड ऑर्डर की बात करें तो यूपी में बीजेपी की सरकार अव्वल नंबर पर रही, अव्वल नंबर पर रही हत्याओं के मामले में। आकाश आनंद ने कहा कि पिछले 10 सालों में पूरे देश में उत्तर प्रदेश ऐसा राज्य रहा जहां सबसे ज्यादा हत्याएं रिपोर्ट होती रहीं।यहां बीजेपी के मुख्यमंत्री खुद को एनकाउंटर स्पेशलिस्ट बताते रहे,यहां पर कानून के राज का ढिंढोरा पीटते रहे,जबकि उनकी नाक के नीचे पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा हत्याएं होती रहीं।
योगी सरकार में विज्ञापन के खर्चे पर बार-बार उठाए सवाल
आकाश आनंद ने योगी सरकार में विज्ञापन पर खर्चे को लेकर कहा,साथियों 7000 करोड़ का आंकड़ा छोटा मोटा नहीं है। पिछले 10 सालों में इस सरकार ने आपके टैक्स के पैसों से अपनी कमियां छुपाने में सात हजार करोड़ रुपये खर्च कर दिए,बीजेपी पिछले 10 सालों में ना तो हमारी माताओं और ना ही बहनों को सुरक्षित रख पाई,ना ही हमारे युवाओं को नौकरी दे पाई,ना ही हमारे लोगों के बच्चों को शिक्षा दे पाई।साथियों आप लोगों को बीजेपी की सरकार और नेताओं की असलियत जानना जरूरी है।आप जानते हैं कि विधानसभा चुनाव सिर पर है,ऐसे में ये लोग आपके सामने छोटे मोटे और झूठे वादे लेकर आएंगे,फर्जी मैनिफेस्टो दिखाएंगे और आपसे वोट मांगेंगे,लेकिन आपको इनपर भरोसा नहीं करना है। आकाश आनंद ने कहा कि केवल अपनी कमियां छुपाने के लिए 70000 करोड़ रुपये खर्च करना बड़ी बात होती है।आपको इस विधानसभा चुनाव में इनसे पिछले 10 साल का हिसाब मांगना है।
योगी राज को बताया गुंडा राज
आकाश आनंद ने मंच से रैली में मौजूद लोगों से पूछा,जिस बाबा या एनकाउंटर की सरकार को फेमस किया जा रहा है, क्या यहां कानून का राज है,या फिर पुलिस की आड़ में गुंडो का राज है,क्या ऐसी सरकार को दोबार मौका देंगे आप।लखनऊ के कोचिंग संस्थान में हुई आगजनी की घटना का जिक्र करते हुए आकाश आनंद ने कहा कि बीजेपी की सरकार 10 छात्रों की मौत पर केवल अफसोस करने के सिवा कुछ नहीं कर सकती है।चार लाख से ज्यादा खाली पड़े सरकारी पद भरने के लिए इनके पास पैसे नहीं है,लेकिन टैक्स के 7000 करोड़ रुपये विज्ञापन पर खर्च करने के लिए थे। आकाश आनंद ने कहा कि पिछले 10 साल में यूपी में 10 से ज्यादा परीक्षाओं के पेपर लीक हुए।अगर विज्ञापन के पैसे थोड़े एग्जाम पर खर्च कर देते तो कुछ युवाओं को नौकरी मिल जाती। आकाश आनंद ने शिक्षकों के खाली पड़े डेढ़ लाख पदों और बंद हो रहे सरकारी स्कूलों के मुद्दे को भी उठाया।
योगी सरकार में बनी सड़कों की बदहाली हमला
आकाश आनंद ने कहा कि इन्होंने कहा था कि भारत की सारी सड़कें अमेरिका से बेहतर बना देंगे।हकीकत सुनिए लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे शुरू होने के 18 दिनों के भीतर ही 84 से ज्यादा जगहों पर धंस गया।इसे बनाने में साढ़े चार सौ करोड़ रुपये खर्च किए थे।मैंने पढ़ा है कि वह कंपनी भाजपा के सांसद के भाई की कंपनी थी,मीडिया इसपर क्यों बात नहीं होती है। आकाश आनंद ने कहा कि भारत के सबसे महंगा और सबसे बेकार एक्सप्रेस-वे बीजेपी नेता के भाई ने बनाई है,क्या इसमें भ्रष्टाचार की बू नहीं आती है,पब्लिक का पैसा क्या आपने नहीं लूटा। आकाश आनंद ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे जिसकी सड़क 15 फीट तक धंस चुकी है,बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे वो भी उद्घाटन के पांच दिन बाद बारिश में जगह-जगह धंस गया,गंगा एक्सप्रेस-वे अप्रैल में उद्घाटन किया और जुलाई में पांच से 10 फीट वो भी जगह-जगह धंस गया।दूसरी तरफ विकास क्या होता है उन्हें नोएडा और आगरा का एक्सप्रेस-वे दिखाएं,इतने सालों बाद भी वो ऐसा का ऐसा ही खड़ा है।