ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी
लखनऊ।उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन आज मंगलवार को भी विपक्ष का हंगामा जारी रहा। समाजवादी पार्टी के विधायकों और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के बीच तीखी बहस हुई।विपक्षी सदस्यों के नारों और आरोपों पर अध्यक्ष सतीश महाना ने सदन से सपा विधायक सचिन यादव को पूरे सत्र से निष्कासित कर दिया।
सपा विधायकों ने जब चंदा चोर गद्दी छोड़ के नारे लगाए,तो विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने पलटवार करते हुए कहा, आप लोगों में से किसी ने चंदा दिया हो तो रसीद लेकर आ जाओ,जरा देखें तो सही आपका कौन सा पैसा चोरी हुआ है।
सपा विधायक अनिल प्रधान द्वारा भाजपा दफ्तर को लेकर किए गए कटाक्ष पर स्पीकर महाना ने कहा,अनिल प्रधान तुम तो पैदा भी नहीं हुए थे,जब मंदिर बना था।
जब सपा विधायकों ने कहा कि नीट का पेपर बीजेपी दफ्तर में मिलेगा तो सतीश महाना ने जवाब दिया,मैं बताता हूं कहां मिलेगा,जिस समय छद्मवेष को निकाल दिया जाएगा, तो जो देश की संसद के बाहर मिला,वो वहीं मिलेगा।
इस बीच सपा विधायक सचिन यादव सीएम योगी का फोटो लहरा रहे थे। ऐसे में सतीश महाना ने उन्हें पूरे सत्र से निष्कासित कर दिया।