देवीपाटन धाम जाने-आने लिए चलेंगी 35 अतिरिक्त रोडवेज बसें,तीन शिफ्ट में तैनात होंगे कर्मचारी
देवीपाटन धाम जाने-आने लिए चलेंगी 35 अतिरिक्त रोडवेज बसें,तीन शिफ्ट में तैनात होंगे कर्मचारी

07 Oct 2026 |   34



 

बलरामपुर।शारदीय नवरात्र में देवीपाटन धाम में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रोडवेज ने विशेष तैयारी की है।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 35 अतिरिक्त रोडवेज बसें चलेंगी। श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने पर बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे।तुलसीपुर में अस्थायी बस स्टेशन और पूछताछ केंद्र बनाया जाएगा।परिवहन व्यवस्था सुचारु रखने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी तीन शिफ्ट में लगेगी।

बलरामपुर से 20, तीन जगहों से पांच-पांच बसें

रोडवेज की योजना के मुताबिक बलरामपुर से 20 अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी।वहीं गोंडा, बहराइच और एपीडीहा से पांच-पांच अतिरिक्त बसें लगायी जाएंगी।इन बसों से श्रद्धालुओं को देवीपाटन मंदिर के मेला क्षेत्र तक पहुंचाने के साथ वापसी की भी व्यवस्था की जाएगी।रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक नवरात्र के दौरान देवीपाटन धाम और आसपास के मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है,इसी को देखते हुए परिवहन व्यवस्था को पहले से मजबूत किया जा रहा है।

तुलसीपुर में बनेगा अस्थायी बस स्टेशन

श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए तुलसीपुर में अस्थायी बस स्टेशन बनाया जाएगा।यहां से अलग-अलग मार्गों के लिए बसों का संचालन होगा,इससे मेला क्षेत्र में अनावश्यक भीड़ और यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।अस्थायी बस स्टेशन पर पूछताछ केंद्र भी बनाया जाएगा, यहां तैनात कर्मचारी श्रद्धालुओं को बसों के रूट, उपलब्धता और संचालन से जुड़ी जानकारी देंगे।

भीड़ बढ़ी तो बढ़ेंगे बसों के फेरे

नवरात्र के दौरान देवीपाटन धाम में सामान्य दिनों की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है,ऐसे में रोडवेज ने जरूरत के अनुसार बसों के फेरे बढ़ाने की व्यवस्था भी रखी है। किसी रूट पर यात्रियों की संख्या अधिक होने पर वहां बसों के अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे,जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसें भी संचालित की जा सकती हैं, ताकि श्रद्धालुओं को लंबे समय तक बस का इंतजार न करना पड़े।

तीन शिफ्ट में दो-दो कर्मचारियों की ड्यूटी

परिवहन व्यवस्था को सुचारु रखने और श्रद्धालुओं की मदद के लिए कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगायी जाएगी।दो-दो कर्मचारियों की टीम को तीन शिफ्ट में तैनात किया जाएगा, कर्मचारी बसों के संचालन के साथ यात्रियों को रूट और बसों से संबंधित जानकारी देने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे। इसका उद्देश्य नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं को परिवहन संबंधी समस्या होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है।

क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया पूरा प्लान

क्षेत्रीय प्रबंधक अरविंद कुमार ने बताया कि नवरात्र मेले को लेकर रोडवेज की तैयारियां की जा रही हैं।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुल 35 अतिरिक्त बसें लगायी गयी हैं,इनमें बलरामपुर से 20 तथा गोंडा, बहराइच और एपीडीहा से पांच-पांच बसें शामिल हैं।उन्होंने बताया कि बसों के जरिये श्रद्धालुओं को मेला क्षेत्र तक पहुंचाने के साथ उनकी वापसी की भी व्यवस्था रहेगी,यात्रियों की संख्या के अनुसार बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे।

आने-जाने की सुविधा पर रहेगा फोकस

देवीपाटन मंदिर में नवरात्र के दौरान यूपी के साथ दूसरे क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं,ऐसे में अतिरिक्त बसों का संचालन,अस्थायी बस स्टेशन,पूछताछ केंद्र और तीन शिफ्ट में कर्मचारियों की तैनाती से परिवहन व्यवस्था को व्यवस्थित रखने की तैयारी है।रोडवेज का फोकस श्रद्धालुओं को मेला क्षेत्र तक पहुंचाने के साथ दर्शन के बाद उन्हें सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से वापस उनके गंतव्य तक पहुंचाने पर भी रहेगा।

More news