आतंक के खिलाफ एटीएस ने यूपी में शुरू की बड़ी कार्रवाई,पाक गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर ताबड़तोड़ छापेमारी,100 लोगों को उठाया
आतंक के खिलाफ एटीएस ने यूपी में शुरू की बड़ी कार्रवाई,पाक गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर ताबड़तोड़ छापेमारी,100 लोगों को उठाया

03 Oct 2026 |   33



 

 
मेरठ।पाकिस्तानी गैंगस्टर और आईएसआई के लिए काम करने वाले शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े लोगों पर एटीएस ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है।पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत यूपी के दर्जनभर जिलों में शुक्रवार रात और शनिवार को ताबड़तोड़ छापेमारी हुई।अलग-अलग जगह से 100 से ज्यादा लोगों को पूछताछ के लिए उठाया गया।पश्चिमी यूपी में ही 40 लोगों से पूछताछ जारी है।इन लोगों का सोशल मीडिया अकाउंट और मोबाइल फोन की जांच की जा रही है।अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य की भी तलाश की जा रही है।बता दें कि बीते माह  भी इसी तरह से देश भर में 15 से ज्यादा प्रदेश में एक साथ कई खुफिया एजेंसियों और अलग-अलग प्रदेश की एटीएस टीम ने एकसाथ कार्रवाई शुरू की थी।

पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी देश के युवाओं को माइंड वॉश कर टारगेट किलिंग,सैन्य इलाकों की रेकी कराने समेत आतंकी घटनाओं का अंजाम दिला रहा है।शहजाद भट्टी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के साथ मिलकर इस काम को अंजाम दे रहा है।शहजाद भट्टी का पाक अधिकृत कश्मीर में बड़ा अच्छा नेटवर्क है और हथियारों समेत ड्रग्स की तस्करी करता है। 

शहजाद भट्टी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए कई खुफिया एजेंसी और यूपी एटीएस लगातार काम भी कर रही है। गाजियाबाद में शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े दर्जनों युवकों को कुछ माह पहले ही गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा दिल्ली चंडीगढ़,मेरठ,हापुड,सहारनपुर और मुरादाबाद में भी कार्रवाई की गई थी।शहजाद भट्टी के कई सोशल मीडिया अकाउंट को भी ब्लॉक कराया गया था।

शहजाद भट्टी और उसके साथी आबिद जट समेत कुछ अन्य पाकिस्तानी गैंगस्टर के संपर्क में रहने वाले कुछ संदिग्ध को यूपी एटीएस और खुफिया एजेंसियों ने ट्रेस किया था। इन लोगों ने शहजाद भट्टी की पोस्ट,वीडियो रील आदि पर कमेंट किया और इन्हें लाइक किया था।इसके अलावा कुछ लोगों की गतिविधियों भी संदिग्ध पाई गई थी। इसी आधार पर पूरे यूपी में एक खुफिया अभियान शुरू किया गया।शुक्रवार रात से लेकर शनिवार तक दर्जनों जिलों में यूपी एटीएस और स्थानीय पुलिस की टीम ने इन संदिग्ध की तलाश में छापेमारी शुरू की।

यूपी एटीएस की टीम आरोपियों के मोबाइल फोन,कंप्यूटर लैपटॉप की जांच में जुटी है। सभी की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।इसके अलावा इनके फुटप्रिंट भी खंगाले जा रहे हैं। पिछले कुछ माह में इन लोगों ने किन-किन जगहों पर आना-जाना किया, किन लोगों से बातचीत की और बैंक खाते के लेनदेन की जानकारी एटीएस कर रही है। इसके अलावा यह भी पता किया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए संबंधित आपस में इंटरलिंक तो नहीं है। फिलहाल छानबीन और कार्रवाई जारी है।

More news