सपा मुखिया अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल जेसीबी से किशोर की मौत मामले में 65 पर केस दर्ज,सपा के कई नेता नामजद
सपा मुखिया अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल जेसीबी से किशोर की मौत मामले में 65 पर केस दर्ज,सपा के कई नेता नामजद

19 Nov 2026 |   25



 

गोरखपुर।उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बुधवार को समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से 14 साल के किशोर के मौत के मामले में एम्स थाने में सात नामजद समेत 65 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।मृतक के पिता ओंकार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने जेसीबी चालक,आयोजन समिति में शामिल सात लोगों और 50 से 60 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है। नामजद आरोपियों में साधु यादव उर्फ साधु भइया,मनोज यादव,मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू,योगेश यादव और चंद्रप्रकाश समेत सात लोग शामिल हैं।झंगहा के राजधानी गांव निवासी ओंकार सिंह वर्तमान में कूड़ाघाट की आवास विकास कॉलोनी में रहते हैं।

ओंकार सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका 14 वर्षीय बेटा आर्यवर्धन सिंह बुधवार को दिन में करीब ढाई बजे घरेलू काम से मुख्य मार्ग पर गया था। इसी दौरान सपा की रथयात्रा में शामिल जेसीबी के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी।हादसे में आर्यवर्धन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा,जिससे उसकी मौत हो गई।आसपास के लोग चालक को पकड़ने के लिए दौड़े तो आयोजन समिति के लोग घायल किशोर को मौके पर छोड़कर भाग गए।

पिता ओंकार सिंह ने बताया कि राहगीर अनुपम सिंह और अन्य लोगों ने उसे एम्स अस्पताल पहुंचाया,जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि जेसीबी चालक और आयोजन समिति के लोगों की लापरवाही को बेटे की मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए तहरीर दी।बता दें कि पुलिस ने केस दर्ज कर जेसीबी मालिक को हिरासत में लिया है,उससे पूछताछ के साथ ही हादसे की परिस्थितियों और आयोजन में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और क्षेत्रीय विधायक ई. सरवन निषाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। दोनों ने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। 

ओंकार सिंह और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए झारखंडी मोड़ पर सड़क जाम कर दिया।ओंकार सिंह ने रोड शो में जेसीबी शामिल कराने वाले आयोजक और चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही झारखंडी गेट के पास आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए ब्रेकर बनवाने की मांग उठाई।सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत की।मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स भी तैनात रही।डीएम ने मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद रात करीब आठ बजे लोगों ने धरना समाप्त कर दिया।

More news