सीतापुर में धनतेरस पर भीषण हादसा,ट्रक-ट्रैक्टर भिड़ंत में पांच महिलाओं की मौत, 17 घायल
सीतापुर में धनतेरस पर भीषण हादसा,ट्रक-ट्रैक्टर भिड़ंत में पांच महिलाओं की मौत, 17 घायल

06 Nov 2026 |   26



 

सीतापुर।राजधानी लखनऊ से सटे जिले सीतापुर में धनतेरस पर भीषण हादसा हुआ है।पिसावां थाना क्षेत्र के हिम्मतपुर में ढपरापुर के पास शुक्रवार शाम तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई।हादसे में ट्रॉली पर सवार पांच महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए।चीख-पुकार मची तो आसपास लोग जुटे। ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली उठवाकर घायलों को बाहर निकाला। उन्हें सीएचसी पिसावां और महोली पहुंचाया गया। गंभीर हालत में कुछ घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। 

मिली जानकारी के मुताबिक हरदोई जिले के पिहानी क्षेत्र के रानीखेड़ा निवासी हरिनाम का बेटा बुधवार को पिसावां क्षेत्र के बरगांवा अपने ननिहाल आया था।शुक्रवार को परिवार के लोग उसका मुंडन संस्कार कराने हरदोई के रायपुर गए थे। शाम को संस्कार कराने के बाद सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पिसावां लौट रहे थे।शाम करीब 5:30 बजे बरगांवा-कुल्हाघाट मार्ग पर हिम्मतनगर के ढपरापुर के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही ट्रॉली पलट गई और उस पर सवार लोग नीचे दब गए। हादसा होते ही आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने ट्रॉली उठाकर लोगों को निकालने का प्रयास किया,लेकिन सफलता नहीं मिली।सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी मंगवाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली उठवाई और नीचे दबे लोगों को बाहर निकलवाया। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।अस्पताल में पिसावां के बरगांवा निवासी सुशीला (50), उनकी बेटी रूबी (22), सुनीता (40), काजल (10) और एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। 17 अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों का सीएचसी पिसावां और जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी राजा गणपति आर और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने सीएचसी पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की। अधिकारियों ने बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया।

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली में लगभग 20-25 लोग सवार थे।पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मारा,जिससे ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई है।हादसे में 5 लोगों की मृत्यु हो गई,इसमें सभी महिलाएं हैं।कुछ लोग घायल हैं। उनका इलाज जारी है।ट्रक को पकड़ लिया गया है।ड्राइवर की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं। कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण हादसे का संज्ञान लिया और अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य का निर्देश दिया।घायलों को हर संभव मदद और बेहतर इलाज के लिए कहा है। सीएम ने पीड़ितों के लिए मुआवजे का भी ऐलान किया है। मृतकों के परिवार को दो-दो लाख मुआवजा देने का निर्देश दिया है।

More news