ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर जीपीओ में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्रीय एकता दिवस पर लोगों को एकता की शपथ दिलाई।सीएम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जातिवाद,क्षेत्रवाद और भाषावाद ऐसी बीमारियां हैं,जो समाज की प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर करती हैं,जब समाज जाति और क्षेत्र के नाम पर बंटता है तो राष्ट्रीय एकता कमजोर होती है और आक्रांताओं को हमला करने का मौका मिलता है।
सीएम योगी ने कहा कि जिन्ना को आदर्श मानने और समाज को बांटने वाले लोग सरदार वल्लभ भाई पटेल के सच्चे अनुयायी नहीं हो सकते।लौहपुरुष का अनुयायी वही है,जो भारत की एकता और सुरक्षा को सर्वोपरि रखता है।सीएम ने सरदार पटेल को भारत गणराज्य का शिल्पी,स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और प्रखर राष्ट्रवादी नेतृत्वकर्ता बताया।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर वर्ष 2014 से 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।इस दिन राष्ट्रीय एकता की शपथ,एकता दौड़ और विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों के जरिए समाज को जोड़ने का अभियान चलाया जाता है।पिछले वर्ष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर भी सरकार ने अनेक कार्यक्रम आयोजित किए थे।
सीएम योगी ने कहा कि सरदार पटेल की स्मृतियों को जीवंत रखने के साथ युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रदेश के हर जिले में एक इंप्लायमेंट और इंडस्ट्रियल जोन के गठन की कार्रवाई शुरू की जा रही है।सरकार युवाओं की स्किलिंग और रोजगार के लिए व्यवस्थित तरीके से काम कर रही है। सीएम ने कहा कि अब प्रदेश में कोई युवा बेरोजगार नहीं रहेगा।
सरदार पटेल के योगदान का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उन्होंने 563 से अधिक रियासतों का भारतीय गणराज्य में विलय कराया था।जूनागढ़ और हैदराबाद के शासकों की आनाकानी के बावजूद उनके दृढ़ नेतृत्व के कारण इन रियासतों का भारत में विलय संभव हुआ। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के केवडिया में दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित कर लौहपुरुष की स्मृतियों को वैश्विक पहचान दी है।
सीएम योगी ने कश्मीर के मुद्दे पर कांग्रेस और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर निशाना साधा। सीएम ने आरोप लगाया कि नेहरू ने कश्मीर का मामला अपने पास रखा और अनुच्छेद-370 लागू कर बड़ी गलती की।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने अनुच्छेद-370 समाप्त कर सरदार पटेल और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी समेत स्वतंत्रता सेनानियों का सपना साकार किया। सीएम ने कहा कि अब देश में एक प्रधान,एक विधान और एक निशान की व्यवस्था है।
सीएम योगी ने कहा कि राष्ट्रीय एकता के सामने चुनौतियां खड़ी करने और संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने के प्रयास हो रहे हैं।ऐसे प्रयासों का सभी को मिलकर मुकाबला करना होगा।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक,कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह,चौधरी भूपेंद्र सिंह,खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता मौजूद रहे।