केदारनाथ यात्रा पर बाॅलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान के खिलाफ फतवा,मौलाना शहाबुद्दीन रजवी के बयान से मचा घमासान
केदारनाथ यात्रा पर बाॅलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान के खिलाफ फतवा,मौलाना शहाबुद्दीन रजवी के बयान से मचा घमासान

29 Oct 2026 |   27



 

बरेली।बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान के हाल ही केदारनाथ धाम दौरे को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने अभिनेत्री सारा अली खान के केदारनाथ धाम जाने और वहां पूजा-अर्चना करने के खिलाफ एक फतवा जारी किया है।मौलाना ने इसे इस्लाम और शरीयत के सिद्धांतों के खिलाफ बताते हुए कहा कि किसी भी मुस्लिम के लिए मंदिर में पूजा-पाठ करना नाजायज और हराम है।

इस्लाम में शिर्क की इजाजत नहीं

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने स्पष्ट किया कि कई मुस्लिम युवाओं द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में उन्होंने यह धार्मिक मत व्यक्त किया है। मौलाना ने कहा कि शरीयत-ए-इस्लामिया अपने अनुयायियों को किसी भी तरह से शिर्क करने की इजाजत नहीं देती। चाहे पुरुष हो या महिला,किसी भी मुसलमान का दूसरे धर्म की परंपराओं को अपनाना या मंदिर में पूजा-अर्चना करना पूरी तरह वर्जित है।

शरीयत की नजर में गुनाह,अल्लाह से मांगें माफी

मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी ने कहा कि सारा अली खान एक मशहूर शख्सियत हैं।उन्होंने केदारनाथ मंदिर में दर्शन किए और आधे घंटे तक कतार में रहकर पूजा-पाठ किया,जो शरीयत की रोशनी में कड़ा गुनाह है। मौलाना ने कहा कि सारा को खुदा की बारगाह में तौबा करके अपने इस कदम के लिए माफी मांगनी चाहिए।हालांकि मौलाना ने यह भी स्पष्ट किया कि यह उनका अपना निजी धार्मिक मत है और इसे संपूर्ण मुस्लिम समुदाय की एकमत राय न समझा जाए।

मौलाना के खिलाफ बीजेपी ने खोला मौर्चा

अभिनेत्री सारा अली खान के खिलाफ फतवा जारी होने पर भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता यासिर जिलानी ने कहा कि कुछ लोगों ने खुद को समाज का रखवाला बना लिया है, खासकर कुछ खुद को मौलाना कहने वाले।उनका एकमात्र काम उन लोगों के बारे में बयान देना लगता है,जिन्हें वे जानते भी नहीं, जिनके चरित्र से वे अनजान हैं,और जिनकी ज़िंदगी और पारिवारिक हालात के बारे में वे कुछ नहीं जानते।

मंत्री निदेश राणे बोले,उनका स्वागत होना चाहिए

 सारा अली खान के केदारनाथ में आरती करने पर महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे ने कहा कि जो कोई भी हिंदू मंदिर जाता है,उसका स्वागत होना चाहिए। सनातन हिंदू धर्म ही एकमात्र ऐसा धर्म है,जहां हम इस तरह से लोगों का स्वागत करते हैं। दूसरे धर्मों में,किसी को भी बस दर्शन करने और वहां खड़े होने की कोई इजाजत या नियम नहीं है। यह हमारे सनातन हिंदू धर्म की एक खासियत है।

5वीं बार केदारनाथ धाम पहुंची थीं सारा अली खान

बता दें कि बाॅलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान 25 से 27 अक्टूबर के बीच उत्तराखंड दौरे पर थीं।सारा हेलिकॉप्टर से केदारनाथ धाम पहुंचीं,जहां बेहद सादे लिबास और टोपी में बाबा केदार के दर्शन किए। 2017 में अपनी पहली फिल्म केदारनाथ की शूटिंग के दौरान सारा अली खान करीब दो महीने तक वहां रुकी थीं। इसके बाद से अब तक सारा अली खान लगभग 5 बार केदारनाथ धाम और भगवान तुंगनाथ के दर्शन कर चुकी हैं।सारा अली खान अक्सर अपनी धार्मिक आस्था और उत्तराखंड यात्राओं की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करती रहती हैं, जिसे लेकर पहले भी कई बार बहस छिड़ चुकी है।

More news