ब्यूरो धीरज कुमार द्विवेदी
लखनऊ।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस पर पुलिस की बदली हुई छवि की तारीफ की।साथ ही समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला भी बोला। सीएम ने कहा कि आज अपराधियों को पता है कि उत्तर प्रदेश में उनका आखिरी ठिकाना कहां है।एक दौर ऐसा भी था,जब पुलिस का थानेदार या एसपी किसी अपराधी के खिलाफ कार्रवाई करने से पहले सोचता था,क्योंकि अपराधी को हाथ लगाते ही सत्ता के गलियारों से फोन आने लगते थे।कुछ ही घंटों में अपराधी के बजाय अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई हो जाती थी।
पुलिस को सत्ता से जुड़े लोगों के निजी कामों में उलझाया जाता था
सीएम योगी ने कहा कि पुलिस को सत्ता से जुड़े लोगों के निजी कामों में उलझाया जाता था।थानों में सीलन भरी बैरकें और खपरैल की टपकती छतें थीं,पीएसी की कंपनियों को बंद करने के प्रयास किए जा रहे थे,अपराधी खुलेआम हथियार लहराते थे और पुलिस के पास पुराने और जंग लगे हथियार थे।सीएम ने कहा कि जो लोग पुलिस मुठभेड़ पर सवाल उठाते हैं,वही दुर्दांत माफिया और आतंकियों के मारे जाने पर मातम मनाते थे।
2012 से 2017 के बीच यूपी में 815 दंगे हुए
सीएम योगी ने कहा कि जब माफिया की गोलियों से कोई निर्दोष पुलिसकर्मी शहीद होता है,तब उसके अनाथ बच्चों के आंसू पोंछने के लिए संवेदना नहीं दिखाई देती। सीएम ने कहा कि वर्ष 2012 से 2017 के बीच यूपी में 815 दंगे हुए,हर दंगे का असर किसी गरीब की दुकान,मजदूर की दिहाड़ी और बच्चे की पढ़ाई पर पड़ता था। सीएम ने कहा कि मथुरा के जवाहर बाग की घटना इसका उदाहरण है,जहां कब्जा करने वालों को संरक्षण मिला और पुलिस अधीक्षक मुकुल द्विवेदी तथा थानाध्यक्ष संतोष यादव को अपने प्राण गंवाने पड़े।
पुलिस के हाथों से राजनीतिक बेड़ियां तोड़ीं
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद पुलिस के हाथों की राजनीतिक बेड़ियां तोड़ी गईं।पुलिस से स्पष्ट कहा गया कि गरीब,पीड़ित,व्यापारी और बहन-बेटियों के सम्मान की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।समाज में आतंक फैलाने वाले अपराधी,माफिया और दंगाइयों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई और उसके नतीजे सामने हैं।
माफियाओं से 15 हजार करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त की गई
सीएम योगी ने कहा कि जिस यूपी में पांच वर्षों में 815 दंगे हुए थे,वहां आज दंगों के बारे में कोई सोच भी नहीं सकता। दंगों का इतिहास अब किताबों में सिमट गया है, उत्तर प्रदेश उपद्रव से उत्सव प्रदेश बन चुका है। सीएम ने कहा कि माफिया तत्वों की 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की गई है,माफिया के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं।हाल में प्रयागराज में ऐसे ही 602 फ्लैटों के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया है।
बिना पक्षपात और लेन-देन के 2.26 लाख से अधिक पुलिस कर्मियों की भर्ती की गई
सीएम योगी ने कहा कि बिना पक्षपात और लेन-देन के 2.26 लाख से अधिक पुलिस कर्मियों की भर्ती की गई है और 35 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। पुलिस में महिला कार्मिकों की संख्या 10 हजार से बढ़कर 45 हजार हो गई है। सीएम ने कहा कि कुशल खिलाड़ी योजना के तहत एक हजार पदक विजेता खिलाड़ी उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी पहनकर सेवा दे रहे हैं।