पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने बनाई जननीति भारत पार्टी, बोलीं- 2027 का चुनाव लड़ेंगे,आपका राज होगा
पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने बनाई जननीति भारत पार्टी, बोलीं- 2027 का चुनाव लड़ेंगे,आपका राज होगा

16 Oct 2026 |   27



 

लखनऊ।आईएएस की नौकरी से इस्तीफा देने के बाद दिव्या मित्तल ने सियासत में उतरने का ऐलान कर दिया है।दिव्या मित्तल ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर लाइव आकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।साथ ही अपनी नई पार्टी जननीति भारत का ऐलान किया। दिव्या मित्तल ने कहा कि राजनीति आप पर राज करती है,लेकिन ये दल आपके राज के लिए बना है। 

पार्टी के तीन वचन बताते हुए दिव्या मित्तल ने कहा कि पहला वचन- जन से नीति और नीति से भारत। दूसरा वचन- हर फैसला जरूरत देख कर लिया जाएगा। तीसरा वचन- जरूरत से फैसला, फैसले में बराबरी। दिव्या मित्तल ने कहा कि नई राजनीतिक पहल के तहत देश की नीतियों के केंद्र में आम लोगों को रखने पर जोर दिया है।

दिव्या मित्तल ने कहा कि नीतियां जनता की वास्तविक जरूरतों के आधार पर तय करने की बात कही गई है। किसानों और छोटे व्यापारियों की समस्याओं का समाधान उनके अनुभवों और सुझावों के आधार पर तैयार किया जाएगा।इसके साथ ही विकास कार्यों और प्रशासनिक फैसलों में जाति, धर्म या पहचान के बजाय लोगों की वास्तविक आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने की बात कही गई है। महिलाओं की सुरक्षा को भी प्रमुख मुद्दा बनाया गया है। स्थानीय स्तर पर होने वाले विकास कार्यों में जनता की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है, ताकि लोगों की जरूरतों के अनुरूप योजनाएं बनाई जा सकें और उनके क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनी रहे।

दिव्या मित्तल ने वीडियो संदेश में बताया कि राजनीति में आने की बात कहने के बाद उन्होंने लोगों को एक नंबर दिया था, जिस पर इतने संदेश आए कि व्हाट्सएप ने उसे रोक दिया। उन्होंने इसके लिए माफी मांगते हुए लोगों के समर्थन पर आभार जताया।दिव्या मित्तल ने कहा कि वह उम्मीद का दीया लेकर निकली थीं,लेकिन लोगों के संदेशों ने उन्हें सूरज के सामने खड़े होने जैसा एहसास कराया। दिव्या मित्तल ने अपनी नई पार्टी बनाने का ऐलान करते हुए कहा कि देश में पार्टियों की कमी नहीं,बल्कि सबकी सुनवाई नहीं होने की समस्या है। गंगा का उदाहरण देते हुए दिव्या मित्तल ने कहा कि वहां हर बूंद बराबर है। इसी सोच के साथ उन्होंने अपनी पार्टी का नाम जननीति भारत रखा है

इससे पहले रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भ‌इया की जनसत्ता दल की ओर से दिव्या मित्तल को पार्टी से जुड़ने का प्रस्ताव दिए जाने की भी चर्चा उठी थी।वहीं सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी एक सवाल के जवाब में दिव्या मित्तल को सपा में शामिल होने का ऑफर दिया था और कहा थी कि वो भी अब उन्हें तय करना पड़ेगा कि हरा गमछा और लाल गमछा डाल लें।

बता दें कि आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने लगभग 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद नौकरी छोड़ने के बाद सियासत में आने का फैसला किया। दिव्या मित्तल मिर्जापुर और देवरिया जैसे जिलों में जिलाधिकारी के पद पर तैनात रह चुकी हैं।अपने कार्यकाल के दौरान दिव्या मित्तल की पहचान सख्त प्रशासनिक कार्यशैली और फैसलों को लेकर चर्चा में रहने वाली अधिकारी के रूप में बनी। हालांकि दिव्या मित्तल तैनाती के दौरान जनप्रतिनिधियों के साथ मतभेदों की चर्चाएं भी सामने आती रही हैं।मिर्जापुर में विकास कार्यों को लेकर स्थानीय नेताओं के साथ दिव्या मित्तल की टकराव की बात कही जाती रही है।

More news