आजमगढ़।फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में हुए जानलेवा हमले के मामले में आजमगढ़ की 22 वर्षीय बबिता को दिल्ली से हिरासत में लिया गया है।इसके बाद स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं।पुलिस बबिता की पृष्ठभूमि,पुराने कार्यस्थल और उसके संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
एसपी ने ये बताया
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि मामले में दिल्ली पुलिस और मुंबई पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर जानकारी जुटाई जा रही है।जरूरत पड़ने पर आजमगढ़ पुलिस संबंधित एजेंसियों को पूरा सहयोग करेगी।
तहबरपुर के कोठियार गांव की रहने वाली है बबिता
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के मुताबिक हिरासत में ली गई महिला तहबरपुर क्षेत्र के कोठियार गांव की रहने वाली बताई गई है।परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार बबिता करीब दो से तीन साल पहले हरियाणा के सोनीपत में एक पैकेजिंग शोरूम में काम करती थी।पुलिस अब उसके पुराने कार्यस्थल और पृष्ठभूमि से जुड़ी जानकारियां जुटा रही है।साथ ही उसके संपर्कों की भी जांच की जा रही है, ताकि मामले में उसकी कथित भूमिका स्पष्ट हो सके।
दिल्ली और मुंबई पुलिस के संपर्क में आजमगढ़ पुलिस
एसएसपी ने बताया कि स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियां मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही हैं।दिल्ली,हरियाणा या मुंबई पुलिस को किसी भी तरह की सहायता की जरूरत पड़ने पर आजमगढ़ पुलिस पूरा सहयोग करेगी।फिलहाल जांच एजेंसियों के बीच समन्वय बनाकर मामले की कड़ियों को समझने की कोशिश की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
कूरियर के रूप में भूमिका की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं
इस मामले में शुरुआती सूचनाओं में बबिता की कथित भूमिका कूरियर के रूप में होने की बात कही जा रही है। हालांकि इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में दूसरी महिला की गिरफ्तारी और उसकी कथित भूमिका को लेकर भी स्पष्ट आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है,ऐसे में जांच पूरी होने और संबंधित एजेंसियों की ओर से जानकारी दिए जाने के बाद ही बबिता की भूमिका के बारे में स्थिति साफ हो सकेगी।
पिता ने कहा,हमें कानून पर भरोसा
बबिता आजमगढ़ जिले के तहबरपुर थाना क्षेत्र के कोठिया गांव के रहने वाले रामेश्वर राम की बेटी है।परिवार का कहना है कि बबिता अपनी एक दोस्त के साथ मुंबई घूमने और दर्शन करने गई थी,लेकिन वापस लौटते समय दिल्ली में उसे हिरासत में ले लिया गया।वहीं बबिता के पिता ने कहा है कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और अगर उनकी बेटी दोषी पाई जाती है, तो उसे सजा मिलनी चाहिए।
पिता और बहन ने बताया निर्दोष
बबिता के पिता रामेश्वर राम और बहन नीलम ने उसे निर्दोष बताया।उन्होंने कहा कि बबिता अपनी दोस्त राधा के कहने पर मुम्बई गई थी।वहां से लौटते वक्त दिल्ली पुलिस ने राधा को गिरफ्तार किया है।राधा के बैग से संदिग्ध हथियार मिले थे। पिता रामेश्वर राम ने बताया कि उनको बबिता के मुम्बई जाने की जानकारी नहीं थी।बबिता पिछले दो साल से हरियाणा के सोनीपत में एक कंपनी में काम कर रही है।
पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर है बबिता
परिवार के मुताबिक रामेश्वर राम के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। 23 वर्षीय बबिता पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर है।बबिता ने सुल्तानपुर जिले से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है।
पड़ोस में रहने वाली लड़की के साथ मुंबई जाने का दावा
बबिता के पिता ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाली एक लड़की उनकी बेटी को मुंबई दर्शन कराने के बहाने अपने साथ ले गई थी। दिल्ली में जांच के दौरान पुलिस ने बबिता और उसके साथ मौजूद लड़की को पकड़ लिया। रामेश्वरम राम का कहना है कि दूसरी लड़की के पास से कुछ संदिग्ध सामान या हथियार मिलने की बात सामने आई थी।
रामेश्वरम राम बोले- न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा
रामेश्वर राम ने बताया कि वह खुद थाने जाकर पुलिस को अपनी बात बता चुके हैं।उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। अगर जांच में उनकी बेटी दोषी पाई जाती है,तो उसे सजा मिलनी चाहिए।परिवार का कहना है कि फिलहाल वे मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।
बहन नीलम ने भी बताया मुंबई जाने का कारण
बबिता की बहन नीलम ने बताया कि उनकी बहन अपनी दोस्त राधा के साथ दर्शन करने और मन्नत मांगने के लिए मुंबई गई थी।नीलम का दावा है कि वहां से लौटते समय दिल्ली स्टेशन पर दोनों को पकड़ लिया गया।नीलम ने बताया कि बबिता के बैग से कुछ संदिग्ध चीजें मिलने की बात कही गई थी।नीलम का कहना है कि उनकी बहन निर्दोष है और उनके परिवार का इस मामले से कोई संबंध नहीं है।
परिवार ने की निष्पक्ष जांच की मांग
नीलम ने कहा कि उनका परिवार केवल न्याय चाहता है। परिजनों का दावा है कि बबिता को मामले की पूरी जानकारी नहीं थी और वह अपनी दोस्त के साथ घूमने गई थी।हालांकि पुलिस जांच में बबिता की भूमिका और उसके साथ मौजूद लोगों के संपर्कों से जुड़े पहलुओं की पुष्टि होना जरूरी है। फिलहाल परिवार अपनी बेटी के पक्ष में सफाई दे रहा है, जबकि मामले के तथ्यों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
भाई से फोन पर बातचीत का दावा
बबिता के बड़े भाई दिलीप कुमार के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद उनकी मोबाइल फोन पर बहन से बातचीत हुई थी।दिलीप का दावा है कि बातचीत के दौरान बबिता ने बताया कि उसके साथ रहने वाली युवती उसे घूमने के लिए मुंबई ले गई थी। उसने कथित तौर पर यह भी बताया कि मुंबई से लौटकर दिल्ली पहुंचने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।दिलीप के पास इस बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग होने की बात कही जा रही है।