लखनऊ।बंगाल की खाड़ी से सक्रिय नये चक्रवात अर्नब का असर उत्तर प्रदेश में दिखने लगा है।गुरुवार सुबह से कई जिलों में बारिश शुरू हो गई।वाराणसी,प्रयागराज,सोनभद्र समेत कई जिलों में इसका असर देखने को मिल रहा है।वाराणसी,
प्रयागराज और सोनभद्र में जहां हल्की बारिश हुई और तेज हवाएं भी चल रही हैं।
यूपी के कई जिलों में गुरुवार सुबह अचानक मौसम बदल गया।सुबह की शुरुआत ठंड और हवाओं के साथ हुई। वाराणसी में सुबह से ही हल्की बारिश शुरू हुई,जिसके बाद जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।मौसम को देखते हुए गंगा नदी में छोटी नावों के संचालन को नाविकों ने रोक दिया है।
सोनभद्र में सुबह से बादल छाए हैं।रुक-रुक कर मध्यम-तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है।फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।चक्रवात अर्नब को लेकर जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है,इसके साथ ही लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
प्रयागराज में भी गुरुवार को मौसम का मिजाज बदल गया। शहर में सुबह से ही घने बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है,तेज हवाएं चल रही हैं।जिले में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
बता दें कि भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंचलिक केंद्र लखनऊ की चेतावनी के मुताबिक 28 और 29 अक्टूबर को यूपी के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई थी।इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी तीव्र आशंका जताई गई थी। संभावित प्राकृतिक आपदा को देखते हुए राहत आयुक्त ने यूपी के समूचे प्रशासनिक तंत्र को पूरी तरह से सतर्क रहने के निर्देश जारी किए थे।