रामपुर।समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को रामपुर जेल से निकलते ही ईडी ने हिरासत में ले लिया है।जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने आजम को हिरासत में लिया है।आजम के जेल से रिहा होने की सूचना मिलते ही ईडी टीम 15 गाड़ियों से 50 सीआरपीएफ जवानों के साथ जेल पर पहुंची थी।ईडी और सीआरपीएफ के जमावड़े की खबर मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी भी जेल पहुंच गए थे।
बता दें कि आजम खान को हिरासत में लेने के बाद भी गाड़ी में बैठाने के लिए ईडी को काफी मशक्कत करनी पड़ी।इस बीच जेल के बाहर जमा समर्थकों का हंगामा पुलिस को झेलना पड़ा।किसी तरह आजम को ईडी ने गाड़ी में बैठाया और गाजियाबाद लेकर रवाना हो गई है।
हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद से ही आजम खान के जेल से बाहर आने पर संशय की स्थिति बनी हुई थी।इधर आजम को जमानत मिली थी तो उधर ईडी ने शिकंजा कस दिया था।जमानत की खबर मिलते ही ईडी की ओर से अजीमनगर थाने में दर्ज कराई गई भ्रष्टाचार की एफआईआर में आजम को रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल कर दिया गया था।इस पर अभी सोमवार को सुनवाई होनी है। कोर्ट की तरफ से आजम को दो नवंबर को तलब किया गया था।इससे पहले ही ईडी की टीम शनिवार की शाम उस समय रामपुर जेल पहुंच गई जब आजम और उनके बेटे अब्दुल्ला जेल से बाहर निकलने वाले थे।
आजम खान के जेल से निकलने से पहले ही ईडी के आठ अफसर 15 गाड़ियों से 50 सीआरपीएफ जवानों के साथ जेल के गेट पर पहुंच गए थे।ईडी की टीम जेल के बाहर ही आजम का इंतजार करने लगी। इतनी भारी संख्या में सीआरपीएफ के जवानों के साथ टीम के पहुंचने की खबर जिला पुलिस और प्रशासन को मिली तो कई थानों की पुलिस के साथ अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह भी पहुंच गए।
आजम खां और अब्दुल्ला जैसे ही बाहर निकले ईडी ने आजम को हिरासत में ले लिया।अब्दुल्ला को वहां से जाने के लिए कहा गया और आजम को गाड़ी में बैठने के लिए कहा गया। आजम ने गाड़ी में बैठने से इनकार कर दिया। इस पर तकरार शुरू हो गई। दूर खड़े समर्थकों ने यह नजारा देखा तो नारेबाजी शुरू कर दी। इससे पहले कि बड़ा हंगामा होता, पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया। समर्थकों को किसी तरह शांत कराया गया।
गाड़ी में बैठने को लेकर काफी देर तक जिद चलती रही। आजम और ईडी अफसरों के बीच धक्कामुक्की भी हुई।मौके पर पहुंची पुलिस के अफसरों ने भी आजम को समझाने की कोशिश की।भारी फोर्स के सामने आजम की नहीं चल सकी। अंततः ईडी ने आजम को अपनी गाड़ी में बैठा लिया और गाजियाबाद के लिए रवाना हो गई है। बताया जाता है कि कल वहां की अदालत में पेश किया जाएगा।