कुशीनगर में 453 नेपाली नागरिकों को बचाने पर यूपी पुलिस की सराहना,नेपाल दूतावास ने भेजा आभार पत्र
कुशीनगर में 453 नेपाली नागरिकों को बचाने पर यूपी पुलिस की सराहना,नेपाल दूतावास ने भेजा आभार पत्र

31 Oct 2026 |   23



 

लखनऊ।कुशीनगर में धोखाधड़ी वाले नेटवर्किंग स्कीम में फंसाए गए 453 नेपाली नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के मामले में नेपाल दूतावास ने उत्तर प्रदेश पुलिस की सराहना की है। नई दिल्ली में नेपाल दूतावास की ओर से इस कार्रवाई के लिए कुशीनगर के एसएसपी केशव कुमार को आधिकारिक आभार पत्र भेजा गया है। 12 अक्टूबर को जारी इस पत्र में यूपी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की विशेष रूप से प्रशंसा की गई है।

नेपाल दूतावास की सेकेंड सेक्रेटरी तारा शर्मा की ओर से भेजे गए पत्र के मुताबिक कुशीनगर में एक धोखाधड़ी वाले नेटवर्किंग स्कीम में 453 नेपाली नागरिक फंसे हुए थे,इनमें 115 महिलाएं और 338 पुरुष थे।यूपी पुलिस और संबंधित अधिकारियों ने समय रहते कार्रवाई करते हुए सभी नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला,इसके बाद उन्हें नेपाल के रुपन्देही स्थित जिला कार्यालय को सौंप दिया गया।

पत्र में कहा गया है कि यूपी पुलिस के अधिकारियों के बेहतर नेतृत्व और अलग-अलग एजेंसियों के बीच तालमेल की वजह से सैकड़ों लोगों को सुरक्षित निकाला जा सका।इस दौरान उनकी गरिमा और सुरक्षा का भी ध्यान रखा गया।नेपाल दूतावास ने इस मानवीय कार्रवाई को भारत और नेपाल के बीच मजबूत संबंधों और आपसी विश्वास का उदाहरण बताया है।

दूतावास ने अपने पत्र में कहा है कि भारत और नेपाल के बीच संबंध साझा इतिहास,संस्कृति और पारिवारिक रिश्तों पर आधारित हैं। यूपी सरकार और पुलिस की इस कार्रवाई से मानव कल्याण,न्याय और कमजोर वर्ग के लोगों को शोषण तथा मानव तस्करी से बचाने की साझा प्रतिबद्धता भी सामने आई है।नेपाल दूतावास ने इस सहयोग के लिए यूपी पुलिस का आभार जताते हुए भविष्य में भी इसी तरह के सहयोग की उम्मीद की है।

More news