सपा मुखिया अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान,नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव,बोले-सीधे सीएम की शपथ लूंगा
सपा मुखिया अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान,नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव,बोले-सीधे सीएम की शपथ लूंगा

04 Nov 2026 |   29



 

वाराणसी।पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के मुखिया के अखिलेश यादव मंगलवार को काशी पहुंचे।काशी से अखिलेश ने बड़ा ऐलान किया।अखिलेश ने कहा कि 2027 में वह खुद विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे।सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।यही हमारे लिए शुभ है,इसलिए वही काम करेंगे जो शुभ होगा। अखिलेश ने काशी की किसी सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल के जवाब में यह बात कही।

अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हम तब मुख्यमंत्री बनते हैं,जब चुनाव नहीं लड़ते हैं। अखिलेश ने कहा कि पिछली बार कहां से मुख्यमंत्री बना था बताओ,लोकसभा से..तो फिर वहीं से आकर शपथ लूंगा।बता दें कि अखिलेश यादव जब 2012 में यूपी के मुख्यमंत्री बने थे,उस समय वह उत्तर प्रदेश विधानमंडल के किसी सदन के सदस्य नहीं थे बल्कि कन्नौज से सांसद थे।सीएम बनने के बाद अखिलेश ने लोकसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया था।

अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। अखिलेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन सपा उम्मीदवार को एमएलसी चुनाव हरवाना चाहता था,लेकिन बाबा विश्वनाथ ने डबल आशीर्वाद दे दिया। 

दालमंडी में उजाड़े गए व्यापारियों और दुकानदारों का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में यह मुद्दा भी होगा।दावा किया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में 200 विधायकों का टिकट काटने जा रही है।अखिलेश ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि मां गंगा ने,जिसे बुलाया था उन्होंने ही मां गंगा को भुला दिया।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने मणिकर्णिका घाट की विरासत मिटाने की कोशिश की।एमएलसी चुनाव में इसका जवाब मिला है।अखिलेश ने कहा कि भाजपा असली अराजक है।आप सोचिए बांदा में एक नवजात बच्चे को कुत्ता नोच ले गया,ये कौन सुन सकता है,बरेली में अभी देश के मंत्री आए हैं,वह बरेली से आगे चले जाएं,शाहजहांपुर क्यों नहीं जाते हैं। 

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जब जाएगी तो बनारस मुस्कुराएगा।समाजवादी सरकार में मेट्रो बनाने का काम होगा। अखिलेश ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम को लेकर दिए गए बयानों पर भाजपा को घेरा।कहा कि नकली सनातनियों के बयानों से लोग दुखी हैं। इन नकली सनातनियों को रोका जाए।

More news