दीपावली से पहले रायबरेली,बुलंदशहर और बलरामपुर में फूड विभाग की छापेमारी,लाखों की मिलावटी मिठाइयां नष्ट
दीपावली से पहले रायबरेली,बुलंदशहर और बलरामपुर में फूड विभाग की छापेमारी,लाखों की मिलावटी मिठाइयां नष्ट

03 Nov 2026 |   29



 

रायबरेली/बुलंदशहर/बलरामपुर।दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन प्रदेशभर में लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रहा है।इसी क्रम में रायबरेली में भी सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय मानिक चन्द्र सिंह के निर्देशन में विभिन्न खाद्य पदार्थ और प्रतिष्ठानों पर टीम ने छापा मारा है। इस दौरान नकली और खराब गुणवत्ता के पाए जाने पर लाखों रुपए का हजारों किलो खाद्य पदार्थ जब्त कर नष्ट किया गया।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय मानिक चन्द्र सिंह ने बताया कि टीम ने वार्ड नंबर एक,गांधी नगर महाराजगंज स्थित महाराजगंज ट्रेडर्स का निरीक्षण करते हुए फोर्टिफाइड रिफाइंड सोयाबीन तेल की जांच के लिए सैंपल लिया और 748 किलो तेल सीज़ कर खाद्य कारोबारी की सुरक्षित अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।

मानिकचंद्र सिंह ने बताया कि सलोन क्षेत्र में रिफाइंड राइस ब्रांड तेल में माया और सैनिक ब्रांड के 632 किलो सामान जब्त किया गया है,जिसकी कीमत एक लाख 25 हजार रुपए है।वहीं खाद्य पदार्थों में सागर स्वीट्स,नरेश और गोपाल स्वीट्स से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। अमावा क्षेत्र के तकिया में नमकीन भुजिया का सैंपल लिया गया है और 163 किलो नमकीन जब्त की गई है।

मानिकचंद सिंह ने बताया कि अमावा ब्लॉक में ही पान मसाला के 837 पैकेट जब्त किए गए हैं,जिसकी मार्केट वैल्यू 3 लाख 90 हजार रुपये है।जगतपुर ब्लॉक में 44 हजार 700 रुपये का 179 किलो जीरा, 39 हजार 360 रुपये कीमत की 665 किलो मटर दाल भी जब्त की गई है।

मानिकचंद सिंह ने बताया कि नकली खोवा और मिठाई पर भी कार्रवाई हुई है,जिसमें ऊंचाहार में 150 किलो नकली खोया नष्ट किया गया। 3064 किलो खोया जब्त किया गया, जिसकी कीमत 8 लाख 39 हजार 181 रुपए है।वहीं 432 किलो का खोवा पनीर व मिठाई,जिसकी कीमत 2 लाख 11 हजार 460 रुपये है, उसे नष्ट किया गया है।यह कार्रवाई 31 अक्टूबर और 3 नवंबर के बीच की गई है।

बुलंदशहर के खुर्जा में चौधरी स्वीट्स भंडार के गोदाम पर खाद्य सुरक्षा की टीम ने छापेमारी की है,जहां रसगुल्ला और छेना बनाने के लिए अरारोट,सफोलाइट और रीठे का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है।खाद्य विभाग की टीम ने छेना, रसगुल्ले समेत पांच खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे हैं।रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।सहायक आयुक्त खाद्य ममता चौधरी का कहना है कि दुकान में मिलावट करके बहुत ही अनहाइजेनिक कंडीशन में छेना बनाया जा रहा था और जो मटेरियल रखा था वह भी अनहाइजेनिक कंडीशन में था,उसे नष्ट करवाया जाएगा।

बलरामपुर में भी मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने वाहन संख्या UP46W8161 को चेक किया,जिसमें से लगभग 280 किलोग्राम छेना मिठाई और 48 किलोग्राम बत्तीसा मिठाई पाई गई।मिठाइयों की गुणवत्ता पर संदेह होने पर सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है।

निरीक्षण में पाया गया कि वाहन में रखी छेना मिठाई शीघ्र खराब होने वाली खाद्य सामग्री की श्रेणी में आती है।साथ ही मिठाई के कंटेनरों पर निर्माण तारीख और उपयोग की अंतिम तारीख का उल्लेख नहीं पाया गया था।इसलिए उसे नष्ट करा दिया गया है, ताकि संदिग्ध गुणवत्ता वाली यह मिठाई बाजार में पहुंचकर आमजन के स्वास्थ्य के लिए खतरा उत्पन्न न कर सके।बाकी प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की तरफ से जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट एवं असुरक्षित खाद्य सामग्री के विक्रय पर रोक लगाने के लिए सतर्कता बरती जा रही है। डीएम ने कहा कि कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग,लेबलिंग,निर्माण तिथि,उपयोग की अंतिम तिथि एवं भंडारण संबंधी मानकों का पालन करना जरूरी है।

More news