पेट्रोल-सीएनजी ऑटो की बढ़ी मुश्किल,भारत में हर दूसरा नया थ्री-व्हीलर इलेक्ट्रिक
पेट्रोल-सीएनजी ऑटो की बढ़ी मुश्किल,भारत में हर दूसरा नया थ्री-व्हीलर इलेक्ट्रिक

09 Nov 2026 |   27



 

धनंजय सिंह।भारत में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की असली रफ्तार कारों में नहीं,बल्कि ऑटो रिक्शा के बाजार में दिखाई दे रही है।सड़कों पर इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा तेजी से अपनी जगह बना रहे हैं।रेलवे स्टेशन से लेकर बाजारों और छोटी गलियों तक अब बैटरी से चलने वाले थ्री-व्हीलर दिखाई देने लगे हैं। कम खर्च और बढ़ती कमाई से ड्राइवर भी इन्हें पसंद कर रहे हैं।यही वजह है कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर बाजार बन चुका है।

सितंबर में भारत में बिकने वाले नए थ्री-व्हीलर में 50 फीसदी से ज्यादा इलेक्ट्रिक थे।यानी हर दो नए थ्री-व्हीलर में से एक से ज्यादा बैटरी से चलने वाला था।इसके मुकाबले नई कारों की बिक्री में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की हिस्सेदारी करीब 8.5 फीसदी और टू-व्हीलर में 11.6 फीसदी रही।इससे साफ है कि इलेक्ट्रिक गाड़ियों को अपनाने के मामले में थ्री-व्हीलर सेगमेंट काफी आगे निकल चुका है।

महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी की फैक्ट्री में हर 90 सेकंड में एक इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर तैयार हो रहा है।यहां कर्मचारी और रोबोट मिलकर बैटरी पैक,बॉडी पैनल और पहियों को असेंबल करते हैं।पिछले पांच साल में कंपनी में इलेक्ट्रिक गाड़ियों को अपनाने का स्तर छह गुना बढ़ा है।पिछले दो साल में सरकारी सब्सिडी,बेहतर क्वालिटी और कम चलाने के खर्च ने इलेक्ट्रिक ऑटो की मांग को तेजी से बढ़ाया है।

इलेक्ट्रिक ऑटो की लोकप्रियता की सबसे बड़ी वजह इसका कम खर्च है।इलेक्ट्रिक ऑटो चार्ज करने में कम खर्च आता है।हालांकि इलेक्ट्रिक ऑटो खरीदने की शुरुआती कीमत ज्यादा हो सकती है,लेकिन ईंधन पर होने वाली बचत से यह अंतर धीरे-धीरे कम हो जाता है।

भारत में इलेक्ट्रिक रिक्शा करीब एक दशक पहले दिल्ली की सड़कों पर दिखाई देने लगे थे।शुरुआती दौर में कई ई-रिक्शा छोटी वर्कशॉप में तैयार होते थे।इनमें चीन से आने वाली बैटरियां लगाई जाती थीं,लेकिन अब यह एक बड़ा ऑटोमोबाइल बाजार बन चुका है।महिंद्रा जैसी कंपनियां बेहतर तकनीक और नए मॉडल के साथ अपनी मौजूदगी बढ़ा रही हैं।उत्तर भारत के रेलवे स्टेशनों और बाजारों में इलेक्ट्रिक रिक्शा की बढ़ती संख्या इस बदलाव को साफ दिखाती है।

इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर की बढ़ती बिक्री के पीछे कई वजहें हैं। इनमें सरकारी सब्सिडी,बैटरी की घटती कीमत,पेट्रोल-सीएनजी का खर्च और गाड़ियों की बेहतर क्वालिटी शामिल हैं।

महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी को पर्यावरण से जुड़े अर्थशॉट प्राइज के लिए चुने गए 15 फाइनलिस्ट में भी जगह मिली है। यह पुरस्कार 17 नवंबर को मुंबई में प्रिंस विलियम की मौजूदगी में दिया जाना है।

फिलहाल इलेक्ट्रिक ऑटो की बढ़ती मांग दिखाती है कि भारत में EV का बदलाव सिर्फ महंगी इलेक्ट्रिक कारों तक सीमित नहीं है। रोजाना कमाई के लिए गाड़ी चलाने वाले ड्राइवर भी अब बिजली से चलने वाले विकल्पों को तेजी से अपना रहे हैं।

More news