लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या दौरे को लेकर सियासत चरम पर है।अयोध्या के पूर्व विधायक पवन पांडेय ने बीते दिनों अखिलेश यादव के दौरे का ऐलान किया था।बुधवार को राजधानी लखनऊ में सपा के प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने इस पर सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा। अखिलेश शिवपाल सिंह यादव और रामगोपाल यादव का नाम लेकर कहने लगे कि उनके घर में तो शिव और राम दोनों हैं।अखिलेश ने कहा कि भगवान सबके हैं,किसी भी मंदिर जाएंगे,केदारेश्वर भी जाएंगे।अखिलेश के इस जवाब के बाद सवाल उठने लगे हैं कि क्या पवन पांडेय ने अखिलेश और डिंपल यादव से बातचीत किए बिना ही राम मंदिर जाने का ऐलान कर दिया था।
पवन पांडेय ने 7 नवंबर को किया था ये ऐलान
अयोध्या के पूर्व विधायक पवन पांडेय ने 7 नवंबर को ऐलान किया था कि अखिलेश यादव और डिंपल यादव 12 दिसंबर को अयोध्या आएंगे।उनका यह दौरा पूरी तरह धार्मिक होगा और वे पूरा दिन रामनगरी में बिताएंगे।अखिलेश यादव सबसे पहले हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद राम मंदिर जाकर रामलला के दर्शन करेंगे।इस दौरान सपा प्रमुख के साधु-संतों और महंतों से मिलने का भी कार्यक्रम है। अखिलेश यादव सपरिवार उनका आशीर्वाद लेंगे और प्रसाद ग्रहण करेंगे।
शिव और राम पहले से ही हैं,अयोध्या दौरे के सवाल पर बोले अखिलेश
अखिलेश यादव से जब मीडिया ने 12 दिसंबर को अयोध्या दौरे पर जाने को लेकर सवाल किया तो वह टाल गए। अखिलेश ने कहा कि भगवान सबके हैं,भगवान को याद करने के अलग-अलग धर्म में अलग-अलग तरीके और रास्ते हैं, कहीं भीं क्यों नहीं जाएंगे,केदारेश्वर भी जाएंगे और मथुरा भी जाएंगे,पहले भी जाते रहे हैं,फिर से जाएंगे।केदारेश्वर जाने के बाद आगे भी दर्शन करेंगे। अखिलेश ने कहा कि PDA यानी पहले दर्शन फिर आशीर्वाद भी है।हालांकि अपने जवाब में अखिलेश ने एक बार भी अयोध्या का नाम लिया। अखिलेश ने कहा कि हमारे घर में शिव (शिवपाल यादव) और राम (रामगोपाल यादव) दोनों पहले से ही हैं,हमें तो पहले से ही राम का आशीर्वाद मिल रहा है। फैजाबाद से सपा सांसद अवधेश प्रसाद और नेता पवन पांडेय का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि हमारे पास तो अवधेश जी और पवन पहले से हैं तो कैसा घबराना।
अखिलेश के अयोध्या दौरे पर भाजपा ने कसा तंज
पवन पांडेय के ऐलान के बाद सियासत चरम पर है।भाजपा ने अखिलेश यादव के इस दौरे को लेकर निशाना साधा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव को 12 नहीं बल्कि 6 दिसंबर को राम मंदिर जाना चाहिए। साथ ही रामभक्तों की हत्या के लिए माफी मांगनी चाहिए। अगर भगवान श्री राम पर ये नया पैंतरा नहीं,सच्चा पश्चाताप है तो 12 नहीं, 6 दिसंबर को राम मंदिर जाइए,जिन सैकड़ों रामभक्तों की हत्या कराई,उस महापाप पर माफ़ी मांगिये।मत समझिये कि आपके पुराने पाप धुल जाएंगे,बल्कि इस रामभक्ति के स्वांग से बचा-खुचा अस्तित्व भी गंवाएंगे।इससे पहले पंकज चौधरी ने कहा था कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही अखिलेश यादव को रामलला के दर्शन की याद आने लगती है,जो नेता अब तक राम मंदिर और सनातन धर्म को लेकर सवालों के घेरे में रहे,उन्हें अब अयोध्या जाकर दर्शन करने की जरूरत महसूस हो रही है।आखिर चुनाव से ठीक पहले ही रामलला की याद क्यों आई।