मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से मिल रही युवाओं को नई उड़ान, 157 केंद्रों पर 19,856 अभ्यर्थी कर रहे तैयारी
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से मिल रही युवाओं को नई उड़ान, 157 केंद्रों पर 19,856 अभ्यर्थी कर रहे तैयारी

11 Nov 2026 |   27



 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आर्थिक अभाव अब प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों की उड़ान में बाधा नहीं बनेगा।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही है।समाज कल्याण विभाग की इस योजना के तहत यूपी के 157 केंद्रों पर 19,856 अभ्यर्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।निजी कोचिंग संस्थानों की महंगी फीस से राहत देते हुए योगी सरकार युवाओं को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत युवाओं को यूपीएससी, यूपीपीएससी,नीट,जेईई और एसएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है।अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में विषयवार कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।साथ ही परीक्षाओं के पैटर्न के अनुरूप अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है,इससे उन मेधावी विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिल रहा है, जो प्रतिभा और मेहनत के बावजूद आर्थिक तंगी के कारण निजी कोचिंग संस्थानों में दाखिला नहीं ले पाते थे।

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगे हैं।कानपुर में संचालित तीन अभ्युदय केंद्रों से अब तक 15 अभ्यर्थियों का जेईई मेन,यूपीपीसीएस लेक्चरर और जूनियर असिस्टेंट समेत विभिन्न परीक्षाओं में चयन हो चुका है।इन सफलताओं से उन युवाओं को प्रेरणा मिल रही है,जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े लक्ष्य हासिल करने का सपना देखते हैं।इस योजना के माध्यम से यूपी के युवाओं को अपनी प्रतिभा साबित करने और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने का बेहतर मंच मिल रहा है।

बता दें कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर,लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।योगी सरकार का प्रयास है कि कोई भी युवा केवल आर्थिक अभाव से अपने लक्ष्य से पीछे न रह जाए।योगी सरकार की इस पहल के जरिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को सुलभ बनाने के साथ ही युवाओं को आत्मनिर्भर भविष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

More news