लखनऊ।उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को गहमागहमी तेज हो गई है।खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर,मुजफ्फरनगर और शामली जिले में सियासी पाला बदल की आहट सुनाई दे रही है।कई प्रमुख नेता समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के संपर्क में हैं।चर्चा है कि ये नेता जल्द ही सपा में शामिल हो सकते हैं।टिकट के वादे और स्थानीय स्तर पर पार्टी के पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की नाराजगी से इन नेताओं की सपा में शामिल होने में देरी हो रही है।
सहारनपुर के प्रमुख चेहरे सपा में हो सकते हैं शामिल
अखिलेश यादव सरकार में मंत्री और एमएलसी रह चुके साहब सिंह सैनी 2023 में भाजपा में शामिल हो गए थे।अब सैनी की सपा में दोबारा वापसी की चर्चा है।सैनी समाज में उनकी पकड़ को देखते हुए सपा के लिए वे काफी अहम माने जा रहे हैं,लेकिन भाजपा में जाने के सैनी के पुराने फैसले को लेकर कुछ सपाई सवाल उठा रहे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में सहारनपुर से बसपा उम्मीदवार रहे माजिद अली ने देवबंद के पूर्व विधायक माविया अली के साथ अखिलेश यादव से मुलाकात की थी।माजिद जल्द ही समर्थकों के साथ फैसला ले सकते हैं।अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रहे चौधरी नीरपाल आरएलडी के खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। 2012 से 2017 तक सपा में रह चुके इस जाट नेता की वापसी से पश्चिमी यूपी में सपा को बड़ा सियासी लाभ मिल सकता है।
देवबंद और नकुड़ विधानसभा सीटों का सियासी गणित
सहारनपुर की दो प्रमुख सीटों पर उम्मीदवारों की दावेदारी को लेकर पेच फंसा हुआ है।देवबंद विधानसभा में माविया अली बनाम माजिद अली- माविया अली ने सपा में नए नेताओं को जोड़ने में बड़ी भूमिका निभाई है,जिससे उनका कद बढ़ा है। वहीं बसपा से आ रहे माजिद अली भी इस सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुके हैं।नकुड़ विधानसभा में डॉ. धर्म सिंह सैनी बनाम साहिल खान- 2022 में भाजपा छोड़ सपा में आए डॉ. धर्म सिंह सैनी को टिकट मिलने से साहिल खान नाराज होकर बसपा में चले गए थे।अब साहिल खान फिर से नकुड़ क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क कर सपा से दावेदारी ठोक रहे हैं।
अखिलेश यादव के सामने दोहरी चुनौती
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी का विस्तार करने की दिशा में अखिलेश यादव के सामने दो प्रमुख चुनौतियां हैं।सहारनपुर में टिंकू अरोड़ा जैसे पार्टी के पुराने नेताओं ने सोशल मीडिया पर बाहरी और पैराशूट उम्मीदवारों को तरजीह दिए जाने पर सवाल उठाए हैं। वर्षों से संघर्ष कर रहे कार्यकर्ताओं को साधे रखना नेतृत्व के लिए बड़ी चुनौती है।बाहर से आने वाले नेता बिना ठोस चुनावी आश्वासन के पार्टी में शामिल होने से हिचकिचा रहे हैं, जबकि सपा नेतृत्व फिलहाल बिना शर्त जॉइनिंग की रणनीति पर काम कर रहा है।
मुजफ्फरनगर और शामली पर भी नजर
सहारनपुर के अलावा कैराना और मुजफ्फरनगर लोकसभा क्षेत्रों से जुड़े कुछ अन्य बड़े नेताओं के नाम भी पाइपलाइन में बताए जा रहे हैं। अगर अगले हफ्ते इन नेताओं की आधिकारिक जॉइनिंग होती है, तो यह 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले पश्चिमी यूपी में समाजवादी पार्टी के सामाजिक समीकरणों को काफी मजबूती दे सकता है।