अमेठी की सियासत में एक बार फिर राजघराना और गायत्री परिवार में वर्चस्व की जंग का आसार,दोनों खेमों में अपनों से ही चुनौती,किसके हाथ लगेगी अमेठी की सियासी कमान
अमेठी की सियासत में एक बार फिर राजघराना और गायत्री परिवार में वर्चस्व की जंग का आसार,दोनों खेमों में अपनों से ही चुनौती,किसके हाथ लगेगी अमेठी की सियासी कमान

13 Nov 2026 |   25



 

धनंजय सिंह।अमेठी विधानसभा में एक बार फिर राजघराना और गायत्री प्रसाद प्रजापति के परिवार के बीच सियासी वर्चस्व की जंग का आसार हैं।पिछले डेढ़ दशक से अमेठी विधानसभा में इन्हीं दो परिवारों के बीच सियासी कुस्ती होती रही है।इस बार विधानसभा चुनाव में दिलचस्प यह है कि चुनावी मैदान में उतरने से पहले दोनों ही परिवार अपनों की चुनौती से जूझ रहे हैं।राजघराने में सियासी विरासत को लेकर दो खेमे नजर आ रहे हैं।सपा की मौजूदा विधायक महाराजी प्रजापति की अपने ही संगठन से अनबन सामने आ चुकी है। डॉ. संजय सिंह और डॉ. अमीता सिंह की बढ़ती सक्रियता ने अमेठी की सियासत में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा से मैदान में उतरे थे।इस बार संजय सिंह की सक्रियता पहले से कहीं अधिक नजर आ रही है।संजय सिंह रानी डॉ. अमीता सिंह के साथ लगातार क्षेत्र में समय दे रहे हैं।क्षेत्र में संजय सिंह ने अपना नया कार्यालय भी बनाया है,जहां रोजाना देर रात तक लोगों से मुलाकातों और बैठकों का सिलसिला चल रहा है।राजनीतिक और सामाजिक लोगों के साथ बढ़ती सक्रियता को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पुत्री आकांक्षा सिंह भी क्षेत्र में सक्रिय हैं।दूसरी ओर पूर्व विधायक गरिमा सिंह के बेटे अनंत विक्रम सिंह और पुत्रवधू शाम्भवी सिंह भी अपनी दावेदारी को लेकर क्षेत्र में जुटे हैं। इस तरह राजपरिवार की राजनीतिक विरासत को लेकर दो अलग-अलग खेमों की सक्रियता चर्चा में है।स्थानीय भाजपा संगठन की राजपरिवार से दूरी भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। इसके बावजूद अमेठी की सियासत में राजघराने की भूमिका को नजरअंदाज करना आसान नहीं माना जा रहा है।

भाजपा में पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष काशी तिवारी,जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला और अमरेंद्र सिंह पिंटू भी अपनी जमीन मजबूत करने में जुटे हैं। व्यापारी नेता और जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि भी विधानसभा टिकट की आस लगाए हुए हैं। ऐसे में भाजपा में टिकट के लिए कई चेहरों के बीच मुकाबले के आसार हैं।

सपा विधायक महाराजी प्रजापति के लिए भी इस बार राह आसान नजर नहीं आ रही है। पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की पत्नी महाराजी परिवार के साथ क्षेत्र में सक्रिय हैं,लेकिन स्थानीय सपा संगठन के साथ उनकी अनबन खुलकर सामने आ चुकी है।संगठन का एक बड़ा खेमा महाराजी के खिलाफ बताया जा रहा है। शिव प्रताप यादव और जयसिंह प्रताप यादव जैसे नेता भी खुद को टिकट का दावेदार मानकर क्षेत्र में सक्रिय हैं। ऐसे में महाराजी के सामने दोबारा टिकट हासिल करने के साथ ही संगठन को एकजुट रखने की चुनौती भी होगी। पार्टी के भीतर असंतोष का असर आगामी चुनाव के समीकरणों पर पड़ सकता है।

पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे आशीष शुक्ला फिलहाल क्षेत्र में बहुत सक्रिय नजर नहीं आ रहे हैं। हालांकि धर्मेंद्र शुक्ला, देवमणि तिवारी, डॉ. अरविंद चतुर्वेदी, राजीव सिंह और युवा कांग्रेस अध्यक्ष शुभम सिंह लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन नेताओं की निगाहें भी पार्टी के संभावित उम्मीदवार के चयन पर टिकी हैं।

अमेठी विधानसभा सीट का गठन 1951 में हुआ था। पहले चुनाव में राजा रणंजय सिंह निर्दलीय चुनाव जीतकर विधायक बने।राजा रणंजय सिंह ने 1969 और 1974 में भी जीत दर्ज की। हरिचरन यादव तीन बार विधायक बने।हरिचरन यादव 1977 में जनता पार्टी और 1989 और 1991 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीता। राजा रणंजय सिंह के बाद उनके बेटे डॉ. संजय सिंह ने सियासी विरासत संभाली।संजय सिंह 1980 और 1985 में कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने। 1985 के चुनाव में संजय सिंह को 98.25 प्रतिशत मत मिले थे। इसके बाद 2002 और 2007 में संजय सिंह की पत्नी डॉ. अमीता सिंह विधायक बनीं और प्रदेश सरकार में मंत्री भी रहीं। 2017 में संजय सिंह की पहली पत्नी गरिमा सिंह ने भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की। इस तरह अब तक हुए 18 चुनावों में आठ बार राजपरिवार का विधानसभा पर कब्जा रहा है।

2012 में गायत्री प्रसाद प्रजापति ने सपा के टिकट पर जीत दर्ज कर राजघराने के वर्चस्व को चुनौती दी थी। गायत्री प्रसाद प्रजापति प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बने। 2022 के विधानसभा चुनाव में गायत्री प्रसाद प्रजापति की पत्नी महाराजी प्रजापति ने भाजपा प्रत्याशी महाराज डॉ. संजय सिंह को हराकर जीत हासिल की। इस तरह पिछले डेढ़ दशक में गायत्री परिवार दो बार और राजघराना एक बार चुनाव जीत चुका है।

2017 के विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन होने के बावजूद अमेठी सीट पर दोनों दलों ने अपने-अपने उम्मीदवार उतारे थे। सपा से गायत्री प्रसाद प्रजापति और कांग्रेस से डॉ. अमीता सिंह मैदान में थीं। भाजपा की गरिमा सिंह ने 64,226 मत पाकर जीत दर्ज की थी। गायत्री प्रसाद प्रजापति 59,261 मतों के साथ दूसरे और कांग्रेस की डॉ. अमीता सिंह 20,291 मत पाकर चौथे स्थान पर रही थीं। गठबंधन के बावजूद दोनों दलों के अलग-अलग चुनाव लड़ने का फायदा भाजपा को मिला था।

2022 विधानसभा चुनाव में सपा की महाराजी प्रजापति को 88,217 मत मिले थे,जबकि भाजपा के डॉ. संजय सिंह को 70,121 वोट मिले। कांग्रेस के आशीष शुक्ला 14,080 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे थे। महाराजी ने 18,096 मतों के अंतर से जीत हासिल की थी।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद अमेठी विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,05,394 मतदाता रह गए हैं। इनमें 1,64,449 पुरुष, 1,40,913 महिला और 32 तृतीय लिंग के मतदाता हैं। वर्ष 2022 की तुलना में मतदाताओं की संख्या में 47,654 की कमी आई है।

अमेठी विधानसभा में जातीय वोटर

ब्राह्मण---------- 90 हजार

क्षत्रिय------------40 हजार के आसपास

ओबीसी--------- 88 हजार

एससी - ----------60 हजार

मुस्लिम- ----------22 हजार

अन्य- ------------लगभग 25 हजार

अमेठी में अभी चुनावी तस्वीर साफ नहीं है।मगर राजघराने की बढ़ती सक्रियता,सपा में मची अंदरूनी खींचतान और भाजपा में टिकट के कई दावेदारों ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। क्या डॉ. संजय सिंह एक बार फिर अपनी खोई सियासी जमीन हासिल कर पाएंगे, क्या महाराजी प्रजापति संगठन की नाराजगी दूर कर अपनी कुर्सी बचा पाएंगी या फिर कोई नया चेहरा दोनों परिवारों के वर्चस्व को चुनौती देगा।इन सवालों के जवाब आने वाले दिनों में अमेठी की सियासत की दिशा तय करेंगे।

More news